यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– कल बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित मॉनिटरिंग कमेटी की टीम पहुंचेगी लखनऊ
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसने शहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। शहर का शिवरी सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट अब देश-विदेश से आने वाली टीमों के लिए अध्ययन, निरीक्षण और प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यह उपलब्धि न केवल नगर निगम बल्कि पूरे लखनऊ शहर के लिए गर्व का विषय है।
इसी क्रम में बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित मॉनिटरिंग कमेटी का दो दिवसीय दौरा 5 और 6 फरवरी को लखनऊ में प्रस्तावित है। कमेटी द्वारा लखनऊ नगर निगम की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था, विशेषकर शिवरी प्लांट की कार्यप्रणाली का गहन अध्ययन किया जाएगा। दल में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, आईआईटी बॉम्बे वैज्ञानिक और परामर्शदाता शामिल हैं, जो देश के प्रमुख शहरों में लागू स्वच्छता परियोजनाओं का मूल्यांकन कर रहे हैं।
दौरे के पहले दिन कमेटी का आगमन स्मार्ट सिटी कार्यालय में होगा, जहां नगर निगम द्वारा शहर में संचालित वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम पर प्रस्तुतीकरण और विस्तार से चर्चा की जाएगी। दूसरे दिन कमेटी द्वारा शिवरी प्लांट और लैंडफिल साइट का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें कचरा संग्रहण, प्रसंस्करण, रिसाइक्लिंग और पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन को देखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शिवरी साइट पर वर्षों से जमा 18.5 लाख मीट्रिक टन से अधिक लेगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर लखनऊ को जीरो नेट वेस्ट सिटी के रूप में स्थापित किया गया है। इसी सफलता के चलते अब अन्य राज्यों के अधिकारी और विशेषज्ञ लखनऊ के मॉडल को अपनाने के लिए यहां पहुंच रहे हैं।