अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का सघन अभियान, विभिन्न जोनों में कार्रवाई, अतिक्रमण हटाए गए और जुर्माना वसूला गया

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने गुरुवार को व्यापक और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना है।

जोन-1 क्षेत्र के अंतर्गत जोनल अधिकारी श्री ओपी सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन विभाग 296 की टीम द्वारा नगर निगम मुख्यालय से अभियान प्रारंभ किया गया। यह अभियान नावेल्टी, वाल्मीकि मार्ग, हरिओम मंदिर, कैम्प कार्यालय, बालाकदर, नूर मंजिल और स्मार्ट सिटी क्षेत्र से होते हुए पुनः नावेल्टी चौराहे तक चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध रूप से खड़े 6 चार पहिया वाहनों को क्रेन के माध्यम से टो किया गया तथा 9,000 रुपये का जुर्माना वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराया गया।

इसी क्रम में जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन दल द्वारा महानगर गोल मार्केट क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 5 फल की दुकानों और 6 पान की गुमटियों को हटाया गया। अभियान के दौरान 1 ठेला और 3 गैस भट्टियां जब्त की गईं। साथ ही लगभग 64,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो रही थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था।

जोन-7 में भी नगर आयुक्त के निर्देश पर जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में नालियों, नालों और सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। यह अभियान देवा रोड से नौबस्ता मोड़ तक तथा मुंशीपुलिया चौराहे से अरविंदो पार्क तक संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान 2 लोहे के काउंटर, 2 मुर्गे वाली जाली, 20 कैरेट, 2 लकड़ी की मेज, 2 तराजू तथा बांस-बल्लियां जब्त की गईं। इसके अतिरिक्त 4 काउंटर, 3 ठेले, 5 ठेलियां और 3 गुमटियां हटाई गईं। इस अभियान में अधीक्षक श्री विनय मौर्या, ईटीएफ की टीम तथा प्रवर्तन विभाग 296 के कर्मचारी उपस्थित रहे और संयुक्त रूप से कार्रवाई को संपादित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *