यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी
– विभिन्न जोनों में चला अभियान, 1.32 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला
लखनऊ नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर गुरुवार को नगर निगम की टीमों ने शहर के विभिन्न जोनों में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस अभियान के तहत कई प्रतिष्ठानों और दुकानदारों के चालान किए गए तथा जुर्माने की धनराशि वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई।
जोन-03 में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री मनोज यादव के निर्देश पर मुख्य मार्ग पुराना जोनल कार्यालय कपूरथला से गोल मार्केट महानगर तक पॉलीथीन रोकथाम एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 11 चालान गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध किए गए, जिनसे 15,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं प्रतिबंधित पॉलीथीन पाए जाने पर 12 चालान कर 49,000 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। इस प्रकार कुल 23 चालानों के माध्यम से 64,200 रुपये की वसूली कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई। अभियान के दौरान ग्लोब कैफे, रिट् रेस्टोरेंट, गजल आइसक्रीम कॉर्नर, दो जनरल स्टोर तथा महानगर मॉडल शॉप सहित कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुमित मिश्रा, श्री पुष्कर सिंह पटेल, श्रीमती अंकाक्षा गोस्वामी एवं 296 प्रवर्तन दल के कार्मिकों एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर की संयुक्त टीम उपस्थित रही।
इसी क्रम में जोन-07 के अंतर्गत भी जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री अजीत कुमार राय के नेतृत्व में देवा रोड, नौबस्ता मोड़, मुंशीपुलिया चौराहा तथा अरविंदो चौराहा के आसपास प्रतिबंधित पॉलीथीन और गंदगी के विरुद्ध अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री रूपेन्द्र भास्कर, श्री बृजेश प्रजापति, श्रीमती संचिता मिश्रा तथा 296 प्रवर्तन दल के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्रवाई के दौरान विकास स्वीट्स, यादव दूध डेरी, जयसवाल स्टोर, रईस मीट शॉप, श्री भोजनालय, डी-लाइट डेरी, ब्रदर्स पिज्जा, चाहत बिरयानी सहित कई प्रतिष्ठानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक पाए जाने पर पॉलीथीन जब्त की गई और नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। इस अभियान में प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग पर 32,000 रुपये तथा गंदगी फैलाने पर 12,400 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। साथ ही लगभग 6.5 किलो पॉलीथीन जब्त की गई।
इसी क्रम में जोन-08 में भी प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग, परिवहन, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। टीम द्वारा आशियाना पावर हाउस चौराहा, एल्डिको उद्यान-2 तथा गांधी नगर तेलीबाग के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुल 10 चालान किए गए और 23,800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसमें गंदगी फैलाने पर 2,300 रुपये तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, विक्रय और भंडारण पर 21,500 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। लगभग 32 दुकानों के निरीक्षण के दौरान करीब 2 किलो 500 ग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन जब्त की गई। यह कार्रवाई जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री जितेंद्र गांधी के नेतृत्व में की गई, जिसमें मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मो. नईम तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्येंद्र नाथ, मीरा राव और वीरभद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।