यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन (बीएमसी) के अधिकारी, आईआईटी बॉम्बे के प्रोफेसर, सीएसआईआर के साइंटिस्ट, महाराष्ट्र के नगर विकास विभाग के जॉइंट सेक्रेटरी समेत 13 सदस्यों की कमेटी रही मौजूद
लखनऊ। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था के अध्ययन के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा गठित मॉनिटरिंग कमेटी गुरुवार को लखनऊ पहुंची। आगमन के बाद टीम का स्मार्ट सिटी, लालबाग स्थित कार्यालय में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल एवं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान नगर निगम के अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरुण कुमार गुप्त, डॉ अरविंद कुमार राव, सीएफओ श्री महामिलिंद, चीफ इंजीनियर सिविल श्री महेश वर्मा, चीफ इंजीनियर आरआर श्री मनोज प्रभात, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह, पर्यावरण अभियंता श्री संजीव प्रधान समेत नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
*शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर दी गई जानकारी*
प्रेजेंटेशन में शहर की कचरा संग्रहण व्यवस्था, डोर-टू-डोर कलेक्शन, जीपीएस आधारित वाहन मॉनिटरिंग, ट्रांसफर स्टेशन, मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी, बायोमाइनिंग, ताजा कचरा प्रसंस्करण प्लांट, सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट तथा अन्य परियोजनाओं की जानकारी दी गई। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बताया कि शहर में कचरा संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुदृढ़ किया गया है तथा शिकायत निस्तारण और मॉनिटरिंग के लिए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था भी संचालित है।
*विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया*
प्रेजेंटेशन में पुराने कचरे के निस्तारण (बायो-माइनिंग), ताजा कचरे के शत-प्रतिशत प्रसंस्करण, सड़क सफाई, प्लास्टिक वेस्ट के उपयोग, हरित विकास तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही कचरा संग्रहण, परिवहन और प्रोसेसिंग से संबंधित प्लांटों और सुविधाओं का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। अपर नगर आयुक्त डॉ अरविंद कुमार राव ने बताया कि मॉनिटरिंग कमेटी के भ्रमण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को टीम द्वारा शिवरी स्थित ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण प्लांट का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा। इस दौरान कमेटी प्लांट की कार्यप्रणाली, कचरा प्रसंस्करण व्यवस्था, बायोमाइनिंग तथा अन्य संबंधित व्यवस्थाओं का मौके पर जाकर अवलोकन करेगी।
*निरीक्षण और अध्ययन का उद्देश्य*
बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा के पीआईएल में सुनवाई करते हुए बीएमसी के अधिकारियों को लखनऊ नगर निगम द्वारा कूड़े के पहाड़ को किस तरह से निस्तारित किया गया इसकी विजिट करके एक रिपोर्ट तैयार करने को निर्देशित किया गया है। जिसके तहत हाई कोर्ट द्वारा ही एक कमेटी का भी गठन किया गया है। जिसमें। रिटायर्ड आईएएस, आईएएस, वैज्ञानिक, आईआईटी के प्रोफेसर समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। यही टीम गुरुवार को लखनऊ पहुंची है।
*दौरे पर आए मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य*
दौरे पर आए मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्यों में चेयरमैन, मॉनिटरिंग कमेटी (कंजूर) आईएएस (सेवानिवृत्त) श्री उमाकांत डांगट, अतिरिक्त नगर आयुक्त (आईएएस) (बीएमसी) बृहन्मुंबई महानगरपालिका डॉ. विपिन शर्मा, सीनियर रीजनल ऑफिसर महाराष्ट्र पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड श्री सुजीत धोलम, सीनियर प्रिंसिपल साइंटिस्ट वेस्ट मैनेजमेंट वर्टिकल, सीएसआईआर-नीरी डॉ. गणेश काले, प्रोफेसर आईआईटी बॉम्बे डॉ. अनुराग गर्ग, याचिकाकर्ताओं के प्रतिनिधि श्री राजकुमार शर्मा तथा डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर (एसडब्ल्यूएम) बीएमसी श्री किरण दिघावकर शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त संयुक्त सचिव, शहरी विकास विभाग, महाराष्ट्र शासन श्रीमती विद्या हम्पय्या, चीफ इंजीनियर (एसडब्ल्यूएम) प्रोजेक्ट बृहन्मुंबई महानगरपालिका श्रीमती प्राचीती देसाई, डिप्टी चीफ इंजीनियर (एसडब्ल्यूएम) प्रोजेक्ट श्री अजय पाटिल, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर (एसडब्ल्यूएम) प्रोजेक्ट कंजूर श्री अवधूत पुजारी, असिस्टेंट इंजीनियर (एसडब्ल्यूएम) प्रोजेक्ट कंजूर श्री दीपक आहिरे तथा कंसल्टेंट संस्था केपीएमजी से प्रतिनिधि श्री सतीश सिंह भी उपस्थित रहे।
*माननीय महापौर बोलीं लखनऊ के लिए गर्व का विषय*
माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने इस अवसर पर कहा कि लखनऊ नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कूड़ा निस्तारण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को देखने तथा उनके अध्ययन के लिए मॉनिटरिंग कमेटी का लखनऊ आगमन महत्वपूर्ण है। यह लखनऊ वासियों और लखनऊ नगर निगम के लिए गर्व का विषय है कि आज हम देश में कूड़ा निस्तारण के मामले में एक बड़ा उदाहरण सेट कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर में कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बना रहा है तथा इस दिशा में अनेक परियोजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं।
माननीय महापौर ने कहा कि मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्यों को नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं, विशेष रूप से कचरा संग्रहण, प्रसंस्करण, बायोमाइनिंग और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि वे यहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर को बेहतर और स्वच्छ बनाने की दिशा में लखनऊ के माननीय सांसद व देश के यशस्वी रक्षा मंत्री आदरणीय श्री राजनाथ सिंह जी तथा प्रदेश के दूरदर्शी एवं ऊर्जावान मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी का मार्गदर्शन और सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है। इसके साथ ही नगर विकास मंत्री आदरणीय श्री एके शर्मा जी के सहयोग से नगर निगम को स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिल रही है।
*शहर की खूबसूरती और स्वच्छता देखकर चेहरे पर बनी है मुस्कुराहट*
चेयरमैन, मॉनिटरिंग कमेटी (कंजूर) आईएएस (सेवानिवृत्त) श्री उमाकांत डांगट जी ने कहा कि लखनऊ नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कूड़ा निस्तारण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का अवलोकन करने और उनकी कार्यप्रणाली को समझने के उद्देश्य से मॉनिटरिंग कमेटी लखनऊ आई है। उन्होंने कहा कि प्रेजेंटेशन के माध्यम से कचरा संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण तथा बायोमाइनिंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई है और कमेटी विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अध्ययन करेगी।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने वहां लिखा संदेश “मुस्कुराइए कि आप लखनऊ में हैं” पढ़ा और तब से शहर की खूबसूरती और साफ-सफाई को देखकर उनके चेहरे पर मुस्कुराहट बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लखनऊ की माननीय महापौर और नगर निगम की टीम स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण के क्षेत्र में काफी बेहतर कार्य कर रही है, जो सराहनीय है।