यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
कोंच स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग (एसपीसीएल) कार्यक्रम के तहत चयनित छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली के प्रशिक्षण को लेकर कोतवाली में बाकायदा कक्षा लगाई जा रही है जिसमें वरिष्ठ उपनिरीक्षक विमलेश कुमार विद्यार्थियों को पुलिसिंग की बारीकियां बता रहे हैं। उन्होंने बताया, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों और थानों में होने वाले कार्यों की जानकारी देना है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
मथुरा प्रसाद महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों को इस कार्यक्रम के तहत पुलिस मॉड्यूल की जानकारी दी जा रही है। कोंच कोतवाली परिसर में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने थाना संचालन, ड्यूटी प्रणाली, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और आपात स्थितियों में पुलिस की भूमिका को करीब से समझा। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विमलेश कुमार ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देते हुए बताया कि समय के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली में काफी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पहले लोगों में पुलिस को लेकर भय की भावना अधिक रहती थी, लेकिन अब पुलिस जनसहभागिता और जागरूकता पर विशेष जोर दे रही है, ताकि समाज और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो सके।
प्रशिक्षण में महाविद्यालय के छात्र हार्दिक पटेल, प्रशांत पाटकार, हनी अग्रवाल, कृष्णा केवट, तनिष्क गुर्जर, प्रियांशी आदि विद्यार्थी सहभागिता कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें पुलिस के कार्य और जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिलेगा जो भविष्य में उनके लिए काफी सहायक होगा