यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
मुजफ्फरपुर में एक युवक का शव बरामद हुआ है. जिले के बोचहां थाना क्षेत्र अंतर्गत NH किनारे भूसाही इलाके के मझौली गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव देखा. मृतक के कनपटी में गोली लगने का निशान पाया गया है. जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या या आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है.सूचना मिलते ही बोचहां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की. पुलिस ने शव के पास से एक पिस्टल और एक बाइक बरामद की है. हालांकि मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर भेज दिया गया है. घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया.प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मोटरसाइकिल मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के किसी व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है. पुलिस बाइक के मालिक का विवरण खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके. स्थानीय लोगों का भी अनुमान है कि मृतक सदर थाना क्षेत्र का रहने वाला हो सकता है.