यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ जन भवन, लखनऊ में दिनांक 06, 07 एवं 08 फरवरी 2026 को आयोजित प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में नगर निगम लखनऊ द्वारा विकसित रूफ टॉप गार्डेनिंग मॉडल को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि नगर निगम के पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के प्रति निरंतर प्रयासों का सशक्त प्रमाण है।
इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी का आयोजन प्रदेश स्तर पर किया गया, जिसमें विभिन्न जनपदों, संस्थानों एवं नगर निकायों द्वारा नवाचारपूर्ण उद्यान एवं कृषि मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता में शामिल अनेक मॉडलों के बीच नगर निगम लखनऊ के रूफ टॉप गार्डेनिंग मॉडल ने अपनी उपयोगिता, नवाचार और पर्यावरणीय लाभों के कारण निर्णायकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
द्वितीय पुरस्कार का सम्मान महामहिम राज्यपाल महोदया श्रीमती आनंदीबेन पटेल के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। पुरस्कार नगर निगम लखनऊ की ओर से अपर नगर आयुक्त डॉ० अरविन्द कुमार राव, उद्यान अधीक्षक श्री गंगाराम गौतम एवं श्री शशिकान्त शशि द्वारा प्राप्त किया गया। इस अवसर पर अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कृषि व उद्यान क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
इस रूफ टॉप गार्डेनिंग मॉडल का निर्माण मा० महापौर महोदया श्रीमती सुषमा खर्कवाल के निर्देशन में तथा नगर आयुक्त महोदय श्री गौरव कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इस मॉडल का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में सीमित स्थान का प्रभावी उपयोग करते हुए हरित वातावरण को बढ़ावा देना, तापमान संतुलन में सहायता करना तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।
प्रदर्शनी में नगर निगम लखनऊ को इसके अतिरिक्त 1000 वर्गमीटर से 2000 वर्गमीटर तक के पार्क की श्रेणी में भी प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ, जो नगर निगम की उद्यान व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव की गुणवत्ता को दर्शाता है।