चार करोड़ से अधिक बकाया पर नगर निगम सख्त, 158 विज्ञापन एजेंसियों को तीन दिन का नोटिस

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण जी

लखनऊ नगर निगम लखनऊ ने बकाया विज्ञापन शुल्क की वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम के प्रचार विभाग द्वारा कुल 158 विज्ञापन एजेंसियों एवं विज्ञापनदाताओं को तीन दिन का अंतिम नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस प्रचार विभाग के माध्यम से भेजा गया है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इन सभी विज्ञापनदाताओं पर चार करोड़ रुपये से अधिक का विज्ञापन शुल्क बकाया है, जो लंबे समय से जमा नहीं किया गया था। नोटिस में स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित एजेंसियां और प्रतिष्ठान तीन दिन के भीतर संपूर्ण बकाया राशि नगर निगम कोष में जमा कराएं। यदि निर्धारित समयावधि में भुगतान नहीं किया गया तो नगर निगम द्वारा शहर में लगे उनके सभी प्रचार-प्रसार से संबंधित होर्डिंग्स, बैनर, यूनिपोल, ग्लो साइन बोर्ड एवं अन्य विज्ञापन सामग्री को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम के प्रचार विभाग द्वारा जिन प्रमुख विज्ञापन एजेंसियों और प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजा गया है, उनमें मेसर्स प्राइम एडवरटाइजिंग, सिगमा, मंथन एडवर्टाइजर्स, उत्सव मीडिया, कनिष्क चन्द्रा, ओएसिस पब्लिसिटी, एंजेल इंटरप्राइजेज, साइन पोस्ट इंडिया, एम.बी. इंटरप्राइजेज, अक्षत इंटरप्राइजेज, रॉयल एड कॉर्पो, तान्या इंटरप्राइजेज, प्रोटेक्टिव एड, फोर्स वन, फ्यूचर एड, ओरियन प्रमोशन, कल्याण ज्वेलर्स, यूपी आउटडोर्स, जागरण इंगेज, टाइटन मीडिया, मीडिया 24×7, वालमार्ट इंडिया प्रा. लि., एल्डिको इंटरनेशनल, स्पेस मीडिया, ग्लोबल आउटडोर, इंडिया आउटडोर, अवध एडवरटाइजिंग सहित अनेक एजेंसियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अन्य कई विज्ञापनदाताओं की सूची भी नोटिस में सम्मिलित है।

अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम द्वारा पूर्व में भी कई बार बकायेदारों को सूचित किया गया था, किंतु भुगतान न होने के कारण अब सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान राजस्व वसूली के साथ-साथ शहर को अवैध और अनधिकृत विज्ञापनों से मुक्त करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *