यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
एक तरफ बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है और नीतीश कुमार से जवाब मांगा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. समस्तीपुर में अपराधियों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस दौरान अपराधी ने एक महिला को भी गोली मार दी. वहीं मौके से भाग रहे एक बदमाश को भीड़ ने पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया.देर रात दो की संख्या में आए अपराधियों ने एक युवक के सीने-पीठ में एक के बाद एक चार गोलियां मारी. पूरी घटना दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के अनुमंडल रोड की है. जख्मी युवक की पहचान दलसिंहसराय गंज मोहल्ला के स्वर्गीय पवन पासवान के पुत्र पप्पू पासवान के रूप में हुई है.फायरिंग के बाद दोनों बदमाश मौके से भागने लगे. तभी आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई और एक बदमाश को भीड़ ने पकड़ लिया और पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया.मृत बदमाश भी गंज मोहल्ला का ही सनी पासवान बताया जाता है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि पप्पू बाइक से दलसिंहसराय बाजार से अनुमंडल रोड गंज मोहल्ला स्थित घर की ओर जा रहा था. इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उसे रोक लिया और उस पर गोली चला दी.पप्पू ने एक बदमाश को पकड़ लिया. यह देखकर बगल में मिल चलाने वाली महिला पप्पू को बचाने के लिए दौड़ी तो बदमाश ने उस पर भी गोली चला दी, जिससे गोली उसके बाएं हाथ में लग गई. जख्मी महिला दलसिंहसराय गंज मोहल्ले के रमेश पासवान की पत्नी रेखा देवी हैं. दोनों घायलों का उपचार निजी अस्पताल में कराया गया.