यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के अपहरण मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है. अज्ञात अपराधियों ने डॉक्टर सर्वेश कुमार तिवारी का अपहरण कर लिया और उनके परिजनों से 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी. डॉ. तिवारी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं और नर्सिंग एवं पैरा मेडिकल कॉलेज से जुड़े हुए हैं.
मामले की सूचना मिलते ही पटना पुलिस ने फौरन सक्रियता दिखाई. नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारीशरीफ-02 और थानाध्यक्ष जानीपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और वैज्ञानिक जांच शुरू की और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की.
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और स्थानीय सूचनाओं से महत्वपूर्ण सुराग मिले. इनके आधार पर टीम ने समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी की. ग्राम मखदुमपुर स्थित एक ठिकाने पर छापा मारकर अपहृत डॉक्टर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. अपहरण के बाद अपराधियों ने उन्हें यहीं छिपाकर रखा था. पूरी कार्रवाई मात्र 24 घंटे के भीतर सफल रही.