यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
शिवगढ़,रायबरेली। बांदा-बहराइच राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के चौथे दिन भी गांवों में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घरों से उठ रही चीत्कार और परिजनों का करुण क्रंदन हर किसी की आंखें नम कर रहा है। बुधवार को भी सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। इसी क्रम में बुधवार की देर शाम कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी मृतकों के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस असहनीय दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का दुख है। दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। गौरतलब है कि रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे बछरावां से मित्र की बारात से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया था। हादसे में जगन्नाथपुर मजरे सूरजपुर निवासी शिवशंकर रावत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बैंती बाजार निवासी रोहित साहू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ से एम्स रायबरेली ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं पप्पू त्यागी गम्भीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों के घरों पर अब भी सन्नाटा पसरा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। सुशील पासी के साथ कौशांबी से अखिलेश भारती, युवा नेता राजेंद्र कुमार राज, रामखेलावन, मंशाराम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की है। ग्रामीणों ने पुलिस से हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश करने की मांग की है।