यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ। जोन-8 अंतर्गत ग्राम हरिहरपुर तथा अंसल खेवली गांव का निरीक्षण शुक्रवार को माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद कुमार राव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में नगर निगम की परिसंपत्तियों की स्थिति का जायजा लेना तथा उनके प्रभावी संरक्षण और उपयोग को सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण के दौरान माननीय महापौर ने हरिहरपुर एवं खेवली गांव में नगर निगम की खाली पड़ी भूमि का स्थलीय अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भूमि की वर्तमान स्थिति, स्वामित्व अभिलेख, सीमांकन और उपयोग की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम की सभी खाली पड़ी भूमि का तत्काल प्रभाव से सीमांकन कराते हुए तारबाड़ एवं बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की संपत्तियों का संरक्षण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही माननीय महापौर ने यह भी निर्देश दिए कि इन खाली पड़ी भूमियों का योजनाबद्ध तरीके से सदुपयोग किया जाए, जिससे नगर निगम की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने सुझाव दिया कि आवश्यकता के अनुसार इन स्थलों पर सामुदायिक सुविधाएं, पार्किंग, व्यावसायिक उपयोग अथवा अन्य राजस्व सृजन से संबंधित परियोजनाएं विकसित की जा सकती हैं। इस संबंध में एक समग्र कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने महापौर को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन समयबद्ध तरीके से कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को भूमि का विस्तृत सर्वेक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए।