यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने मंगलवार को व्यापक और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जों के विरुद्ध यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
*जोन-3 में 50 दुकानों पर कार्रवाई*
जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश पर 296 टीम के साथ आठ नंबर चौराहे से निरालानगर पुल तक अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे और फुटपाथ पर अवैध रूप से संचालित लगभग 50 दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान एक काउंटर जब्त किया गया तथा संबंधित व्यक्तियों से लगभग 2,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी।
*जोन-7 में नालों और सड़कों के किनारे से हटाया अतिक्रमण*
इसी क्रम में जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में नाली, नाले और सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। भूतनाथ हाल सब्जी मंडी, बीएसएनएल ऑफिस के आसपास तथा ब्लॉक-सी इरम अस्पताल क्षेत्र तक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 4 ठेलियां, 2 कैरेट और 2 तराजू जब्त किए गए। इसके अलावा 3 काउंटर, 5 ठेले, 6 ठेलियां और 4 गुमटियां हटाई गईं। यह कार्रवाई अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम और 296 टीम की उपस्थिति में संपन्न हुई।
*जोन-8 में गुमटी और अवैध सामान जब्त*
जोन-8 में भी अवैध अस्थायी अतिक्रमण तथा होर्डिंग, बैनर और पोस्टर के विरुद्ध अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह के नेतृत्व में 296 टीम ने वृंदावन सेक्टर-05 से एलन स्कूल तक और आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई की। यहां अवैध रूप से लगाई गई गुमटियों और दुकानों को हटाया गया। अभियान के दौरान 1 काउंटर, 1 ठेला, 1 बेंच, 1 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 1 तख्त, 1 लोहे की भट्टी, 5 सिलेंडर और 5 स्टूल जब्त किए गए। संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।