यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
क्राइम रिपोर्टर अरुण प्रताप सिंह
कानपुर में पुलिस ने फर्जी मार्कशीट और डिग्री बनाने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान 9 राज्यों की 14 यूनिवर्सिटीज की करीब 900 फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां बरामद की गईं। मामले में मास्टरमाइंड शैलेंद्र समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस रैकेट तक पहुंचने के लिए पुलिस ने फिल्मी अंदाज में जाल बिछाया। एक इंस्पेक्टर मैली शर्ट-पैंट पहनकर खुद को बेरोजगार युवक बताते हुए दलाल के संपर्क में पहुंचे। दलाल उन्हें ‘शैल ग्रुप ऑफ एजुकेशन’ के दफ्तर ले गया। वहां सरगना शैलेंद्र ने 21 हजार रुपये में हाईस्कूल की मार्कशीट देने का सौदा तय किया। इंस्पेक्टर ने 16 हजार रुपये एडवांस दिए।
15 दिन बाद आरोपी ने उन्हें बुलाकर जामिया उर्दू अलीगढ़ के नाम से हाईस्कूल की फर्जी मार्कशीट थमा दी। मार्कशीट मिलते ही इंस्पेक्टर ने बाहर निकलकर टीम को संकेत दिया। पुलिस ने तत्काल छापा मारकर शैलेंद्र और उसके साथियों को दबोच लिया।
जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया और दलालों के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था। एडवांस रकम लेकर अलग-अलग बोर्ड और यूनिवर्सिटीज के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर सप्लाई किए जाते थे। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।