यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी
– कोरोना काल के बाद पुनः सजी प्रकृति की रंगीन महफिल, माननीय महापौर ने किया उद्घाटन
लखनऊ लखनऊ नगर निगम द्वारा पद्मश्री डॉ० एस०सी० राय पार्क (ई-पार्क) के प्रांगण में 22वीं पुष्प प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कोरोना काल के दौरान स्थगित कर दी गई यह लोकप्रिय प्रदर्शनी इस वर्ष पुनः प्रारंभ की गई है। इस आयोजन को पुनर्जीवित करने में महापौर पार्षदगण, नगर आयुक्त तथा क्षेत्रीय समाजसेवियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
शनिवार को महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने विधिवत फीता काटकर पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
*महापौर ने किया स्टॉलों का अवलोकन*
उद्घाटन के उपरांत महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने प्रदर्शनी में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम एवं श्री शशिकांत शशि ने उन्हें प्रदर्शनी की रूपरेखा, प्रतियोगिता की श्रेणियों एवं प्रतिभागियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
महापौर ने बच्चों द्वारा तैयार की गई कलात्मक पुष्प सज्जा को विशेष रूप से सराहा। इसके अतिरिक्त थीम आधारित प्रदर्शनी और महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह और रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन शहर की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय चेतना को सशक्त बनाते हैं।
*फूलों से सजी कलाकृतियों ने मोहा मन*
इस फ्लावर शो में ताजे फूलों से बनाई गई आकर्षक कलाकृतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। माननीय महापौर जी ने सबसे पहले लक्ष्मण जी की फूलों से बनी सुंदर आकृति का अवलोकन किया। इसके बाद होली पर्व को ध्यान में रखते हुए राधा-कृष्ण के होली खेलते हुए दृश्य को पुष्पों से साकार किया गया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके साथ ही मोर, तितली और पेंगुइन की मनमोहक पुष्प आकृतियां भी प्रदर्शित की गईं। इन सजीव कलाकृतियों को देखकर माननीय महापौर अभिभूत हो उठीं और उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष इस प्रदर्शनी को और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी कर सकें।
*24 वर्गों में 262 श्रेणियों की प्रतियोगिता*
इस वर्ष की प्रतियोगिता 24 वर्गों एवं 262 श्रेणियों के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। शहर के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों तथा आम नागरिकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया है। प्रतियोगिता में 1100 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों को सजीव फल, फूल और सब्जियों की जानकारी देना है, ताकि वे प्रकृति के प्रति रुचि विकसित कर सकें और हरियाली के महत्व को समझ सकें।
*पुरस्कार वितरण और समापन समारोह*
प्रत्येक वर्ग की प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को विनर कप/शील्ड प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त समस्त वर्गों में सर्वाधिक पुरस्कार विजेता को विनर कप के साथ ₹2100 का नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
हर वर्ग में शील्ड कप एवं प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। यह पुष्प प्रदर्शनी रविवार शाम 4 बजे समापन समारोह के साथ संपन्न होगी, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
*गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति*
इस अवसर पर पार्षद दल के उपनेता श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’ जी, नेता पार्षद दल कांग्रेस श्रीमती ममता चौधरी जी, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी, समाजसेवी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह जी, कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती गौरी सांवरिया जी, माननीय पार्षद श्री सौरभ सिंह ‘मोनू’ जी, श्री प्रमोद सिंह राजन जी, श्री राकेश मिश्रा जी, श्री मुकेश सिंह चौहान जी, श्रीमती राजकुमारी मौर्या जी, क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि श्री सुनील शंखधर जी, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव जी, उद्यान प्रभारी श्री नंदकिशोर जी, उद्यान अधीक्षक श्री शशिकांत शशि जी, श्री गंगाराम गौतम जी, मंच संचालिका श्रीमती शालिनी अग्रवाल जी, नगर निगम के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण व क्षेत्रीय जनमानस इस कार्यक्रम में सम्मिलित रहे।