लखनऊ नगर निगम का सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान, तीन जोनों में एक साथ कार्रवाई, अस्थायी दुकाने और ठेले जब्त

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रहे यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने शनिवार को व्यापक एवं बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना है।

*जोन-1 में पुल से चौराहे तक चला अभियान*

जोन-1 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री ओपी सिंह के नेतृत्व में 296 टीम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई बासमंडी लालकुआं पुल के नीचे से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौराहे तक की गई। इसके बाद नगर निगम मुख्यालय से होते हुए कैम्प कार्यालय बालाकदर क्षेत्र तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे गए अवैध सामान को हटाया गया तथा 3 स्टूल जब्त कर नगर निगम स्टोर में जमा कराए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

*जोन-6 में बड़े पैमाने पर हटाए गए ठेले और गुमटियां*

इसी क्रम में जोन-6 के जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव के नेतृत्व में वार्ड हैदरगंज द्वितीय क्षेत्र में बुद्धेश्वर चौराहे से माँ कृपा लॉन तक सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से लगाए गए 15 ठेले, 20 काउंटर, 25 गुमटियां और 40 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया।

कार्रवाई के दौरान 1 ठेला, 2 लोहे के काउंटर, 2 लोहे की मेज, 15 प्लास्टिक स्टूल, 6 लोहे की बेंच और 1 पानी की पेटी सहित अन्य सामान जब्त किया गया। अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध 15,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुनः अतिक्रमण की स्थिति में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव, 296 टीम एवं क्षेत्रीय पुलिस बल की उपस्थिति रही।

*जोन-7 में नालियों और सड़कों के किनारे हटाया गया अतिक्रमण*

जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। मीना मार्केट यूनियन बैंक के आसपास नालियों, नालों और सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए।

कार्रवाई के दौरान 1 लोहे का काउंटर, 2 पानी के ड्रम और बांस-बल्ली जब्त की गई, जबकि 2 काउंटर, 2 ठेले, 4 ठेलियां और 3 गुमटियां हटाई गईं। इस दौरान कर अधीक्षक श्री विनय मौर्या, ईटीएफ टीम एवं 296 टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *