मुरादाबाद में जज के पिता की गोली मारकर हत्या, तरावीह की नमाज पढ़ने मस्जिद जा रहे थे

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी

मुरादाबाद  तरावीह की नमाज अदा करने जा रहे जज के पिता और अलविना बेकरी के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया, पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की. फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं.
घटना नागफनी थाना इलाके के बंगला गांव चौराहे की है. जिगर कॉलोनी में रहने वाले मोहम्मद असद अलविना बेकरी के मालिक हैं. असद की बेटी आसमा सुल्ताना और दामाद ज़ुल्कर नैन आलम जज हैं. बेटी आसमा सुल्ताना की पोस्टिंग बुलंदशहर में बताई जा रही है. शुक्रवार शाम असद अपने साले मजाहिर के साथ स्कूटी से लाल मस्जिद में तरावीह की नमाज अदा करने जा रहे थे.
बंगला गांव चौराहे के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने असद पर फायरिंग कर दी. गोली लगते ही असद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए. गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में अफ़रा-तफ़री मच गई. पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला है कि असद को गोली मारने वाला साला जफर है. जफर नागफनी थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है.
असद और जफर के बीच मकान को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते जफर ने अपने साथियों के साथ मिलकर असद की गोली मारकर हत्या की है. हत्यारोपी जफर के साथ उसका बेटा सैफुल और दामाद फैज़ान भी था.
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि असद की हत्या प्रॉपर्टी विवाद को लेकर की गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *