यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं को दिया संदेश, नियमित अभ्यास, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प से मिलती है जीत
लखनऊ, सरोजनीनगर।
सैनिक वॉलीबॉल क्लब, सरोजनीनगर द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन और चरित्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान हमें यह सिखाता है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता—नियमित अभ्यास, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प ही जीत की राह बनाते हैं।
इस दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा, “नियमित अभ्यास, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प से ही जीत मिलती है। खेल हमें यह भी सिखाते हैं कि कोई अकेला नहीं जीतता, पूरी टीम जीतती है। जीवन में भी सहयोग, नेतृत्व और परिश्रम से ही बड़ी उपलब्धियाँ हासिल होती हैं।” उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर उनमें सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।
उन्होंने राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए श्री श्यामेन्द्र सिंह चौहान एवं श्री विष्णु प्रताप सिंह को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का प्रेरणादायक अवसर प्रदान करते हैं। इस अवसर पर प्रतियोगिता के आयोजन के लिए ₹1 लाख का सहयोग भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरोजनीनगर के अत्यंत प्रतिभाशाली खिलाड़ी और प्रिय सदस्य स्वर्गीय अर्पित त्रिवेदी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डॉ. राजेश्वर सिंह ने उनकी स्मृति में उनके परिवार को ₹1 लाख की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर उनके पिता श्री अवधेश त्रिवेदी की उपस्थिति ने सभी को भावुक कर दिया और अर्पित की स्मृतियाँ फिर से ताज़ा हो गईं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मेजर ध्यानचंद, मिल्खा सिंह और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों ने दुनिया को दिखाया है कि मेहनत और अनुशासन से भारत का युवा विश्व में अपना परचम लहरा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल जीत के लिए नहीं, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और देश के गौरव के लिए खेलें।
उन्होंने सभी से आह्वान करते हुए कहा कि खेल को जीवन का हिस्सा बनाकर हम एक स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिव शंकर सिंह “शंकरी”, पार्षद गीता देवी, पार्षद प्रतिनिधि संजय गुप्ता, शिव कुमार सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह “मोनू”, अवधेश त्रिवेदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव बक्श सिंह, अंकित त्रिवेदी, अमन शुक्ला, अतुल यादव, अनुराग सिंह तथा राहुल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।