यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ वर्तमान वित्तीय वर्ष समाप्त होने में मात्र 24 दिन शेष रह जाने के मद्देनज़र नगर निगम प्रशासन ने गृहकर वसूली में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। नागरिकों को सुविधा प्रदान करते हुए अधिक से अधिक गृहकर जमा कराने तथा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति कर नगर निगम की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष प्रयास किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
रविवार के सार्वजनिक अवकाश के दिन, 08 मार्च 2026 में शहर के सभी जोनल कार्यालयों और कैश काउंटरों को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक खुला रखा जाएगा। इस दौरान अधिक से अधिक भवन स्वामियों का कर निर्धारण कराकर संबंधित डाटा की फीडिंग तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा कराया जाएगा, ताकि करदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही सभी जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे गृहकर के बकायेदारों से संपर्क कर अधिक से अधिक कर जमा कराएं। नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पूर्व अधिक से अधिक लंबित गृहकर की वसूली सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त शहर के सभी वार्डों में विशेष कैंप आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इन कैंपों के माध्यम से भवनों का कर निर्धारण, बकाया गृहकर की वसूली और नागरिकों को कर भुगतान के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही इन कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें।