यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में हुई बैठक, वास्तविक क्षेत्रफल के आधार पर किराया निर्धारण और कैंप लगाकर किराया जमा कराने के निर्देश
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को तालकटोरा मार्केट, आलमबाग और गुरूनानक मार्केट, चारबाग के व्यापारियों के साथ रेंट विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने की। बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों एवं दोनों बाजारों के व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, पार्षद दल के उपनेता श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’ जी, अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह, मुख्य अभियन्ता (वि०/यो०) श्री मनोज प्रभात, जोनल अधिकारी-2 श्री संजय यादव, टीएस जोन-2 श्री ओम प्रकाश सोनी तथा राजस्व निरीक्षक श्री अविरल गुप्ता सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं व्यापारियों की ओर से गुरूनानक मार्केट व्यापार मंडल, चारबाग के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह दुआ, तालकटोरा मार्केट व्यापार मंडल, आलमबाग के अध्यक्ष श्री संजय जायसवाल, युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री मंजीत सिंह दुआ, होटल एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र शर्मा समेत कई व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान गुरूनानक मार्केट, चारबाग के व्यापारियों की ओर से अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह दुआ ने नगर निगम से अनुरोध किया कि किराया पुरानी दरों पर अथवा थोड़ी बढ़ोतरी के साथ स्वीकार किया जाए ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके। इस पर माननीय महापौर एवं अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
व्यापारियों ने यह भी मांग रखी कि दुकानों के वास्तविक क्षेत्रफल की पुनः माप कराई जाए और उसी आधार पर किराया निर्धारित किया जाए। इस संबंध में माननीय महापौर जी द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्थलीय परीक्षण कर वास्तविक क्षेत्रफल के आधार पर किराये की वसूली सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय न हो।
इसके अतिरिक्त गुरूनानक मार्केट के व्यापारियों ने दुकानों के म्यूटेशन से संबंधित लंबित मामलों को भी उठाया। इस पर नगर निगम प्रशासन ने नियमानुसार म्यूटेशन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 25 मार्च 2026 को गुरूनानक मार्केट, चारबाग में विशेष कैम्प लगाया जाएगा। इस कैम्प के माध्यम से व्यापारियों से “अंडर प्रोटेस्ट” आवेदन के आधार पर 25 प्रतिशत किराया जमा कराया जाएगा, जिससे लंबित मामलों के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ सके। इसके लिए मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (रेन्ट) एवं कर निर्धारण अधिकारी (रेन्ट) को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार तालकटोरा मार्केट, आलमबाग के व्यापारियों ने भी किराये को पुरानी दरों या मामूली वृद्धि के साथ जमा करने का अनुरोध किया।इस पर नगर निगम प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्ट पेमेंट करने को लेकर भी व्यापारियों से चर्चा हुई।
बैठक के अंत में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों से जुड़े सभी बिंदुओं पर शीघ्र और पारदर्शी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित कार्यों की आख्या समयबद्ध रूप से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम व्यापारियों के हितों का ध्यान रखते हुए नियमों के अनुसार समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।