यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– *आईएमआरटी* इंटर कॉलेज पर 27.61 लाख रुपये से अधिक जलकर बकाया, जलकल विभाग ने की सख्त कार्रवाई
– गोमती नगर विवेक खंड में *नीलकंठ स्वीट्स* के चार भवनों के खिलाफ कार्यवाही
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग द्वारा जलकर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को जोन-4 क्षेत्र में जलकर बकाया वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह के निर्देश पर संचालित किया गया, जिसमें बकायेदार संस्थानों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए गए।
अभियान के दौरान जोन-4 के अधिशासी अभियंता श्री अमरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में जलकल विभाग की टीम ने क्षेत्र के कई बड़े संस्थानों की जांच की और बकाया जलकर न जमा करने पर उनकी सीवर लाइन को डिस्कनेक्ट कर दिया।
*IMRT स्कूल व कॉलेज के खिलाफ कार्यवाही*
सबसे बड़ी कार्रवाई गोमती नगर के विपुल खंड-6 स्थित आईएमआरटी इंटर कॉलेज के खिलाफ की गई। कॉलेज पर जलकर के रूप में कुल 27 लाख 61 हजार 723 रुपये का बकाया था। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद भुगतान न करने पर जलकल विभाग की टीम ने संस्थान की सीवर लाइन डिस्कनेक्ट कर दी। इसके साथ ही उसी परिसर के बगल में में स्थित आईएमआरटी बिजनेस स्कूल पर 2 लाख 71 हजार 92 रुपये का जलकर बकाया पाया गया, जिस पर विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए उसकी भी सीवर लाइन काट दी।
*नीलकंठ स्वीट्स के प्रतिष्ठान पर कुल 9.61 लाख से अधिक का है बकाया*
इसके अलावा गोमती नगर के विवेक खंड-3 क्षेत्र में भी नीलकंठ स्वीट्स के कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने 3/116 विवेक खंड स्थित नीलकंठ ग्रीन पर 1 लाख 91 हजार 300 रुपये, 3/118 विवेक खंड नीलकंठ स्वीट्स पर 3 लाख 50 हजार 379 रुपये, 3/117 विवेक खंड नीलकंठ ग्रीन फर्स्ट फ्लोर पर 1 लाख 47 हजार 838 रुपये तथा 3/128 विवेक खंड नीलकंठ शॉप एवं होम पर 2 लाख 71 हजार 604 रुपये जलकर बकाया पाए जाने पर उनकी सीवर लाइन डिस्कनेक्ट कर दी।
*कई बार नोटिस के बावजूद नहीं जमा किया जलकर*
जलकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन सभी प्रतिष्ठानों को पहले कई बार नोटिस जारी कर बकाया जलकर जमा करने के लिए कहा गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद नियमों के तहत यह कार्रवाई की गई है।