यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-03 में की गई। अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव के निर्देशन में किया गया।
जोन 3 की टीम ने वर्मा पेट्रोल पम्प से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा तक क्षेत्र में निरीक्षण करते हुए गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध रोकथामात्मक कार्रवाई की। साथ ही बाजार में तंबाकू एवं तंबाकू उत्पाद बेचने वाले व्यापारियों को लाइसेंस बनवाने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 05 चालान किए गए, जिनके माध्यम से ₹5,000 का जुर्माना वसूला गया। वहीं प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग पर भी नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 06 चालान किए और ₹5,800 का जुर्माना वसूला।
इसके अतिरिक्त बाजार में बिना लाइसेंस तंबाकू एवं तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों को लाइसेंस बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान 03 दुकानों के विरुद्ध स्पॉट फाइन करते हुए ₹600 का जुर्माना लगाया गया।
इस प्रकार पूरे अभियान के दौरान कुल 14 चालानों के माध्यम से ₹11,400 की धनराशि वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई।
अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार गौतम, श्री पुष्कर सिंह पटेल, श्री सुमित मिश्रा तथा क्षेत्रीय सुपरवाइजर और नगर निगम की संयुक्त टीम मौजूद रही।