यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ जनगणना-2027 के सफल एवं प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए राजधानी लखनऊ में फील्ड ट्रेनरों (एफटी) का प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार से प्रारंभ हो गया। यह प्रशिक्षण राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जियामऊ में आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रशिक्षकों को आधुनिक तकनीक और प्रक्रियाओं से अवगत कराया जा रहा है।
जनगणना निदेशालय से आए उपनिदेशक डॉ. गौरव कुमार पांडेय, जनगणना प्रभारी श्रीमती उपासना गिरि एवं श्री रमेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद में कुल 186 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कुल छह बैचों में आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण में तीन बैचों का प्रशिक्षण 17 से 19 मार्च तक आयोजित होगा, जबकि शेष तीन बैचों का प्रशिक्षण 23 से 25 मार्च के बीच संपन्न कराया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यही फील्ड ट्रेनर अपने-अपने चार्ज स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
विशेष बात यह है कि जनगणना-2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इसमें आंकड़ों के संकलन के लिए मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया का प्रबंधन एवं निगरानी एक केंद्रीय पोर्टल ‘सीएमएमएस’ के माध्यम से की जाएगी। इससे डेटा संग्रहण अधिक सटीक, पारदर्शी और त्वरित होगा।
जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का होगा, जो 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा। इसके बाद दूसरा चरण जनसंख्या गणना का होगा, जो 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।