बरावन कला में नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान, सरकारी भूमि कराई गई कब्जा मुक्त

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ। राजधानी में सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार, 17 मार्च 2026 को ग्राम बरावन कला, तहसील सदर, जिला लखनऊ में एक विशेष अभियान चलाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी लखनऊ एवं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशन में संपादित की गई।

अभियान के तहत अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव द्वारा गठित टीम ने ग्राम बरावन कला स्थित गाटा संख्या 827, जिसका कुल क्षेत्रफल 0.084 हेक्टेयर है, पर कार्रवाई की। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि चकमार्ग खाते के रूप में दर्ज है तथा नगर निगम की संपत्ति के रूप में निहित है। इस भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण करने एवं सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था।

नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन के माध्यम से अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 0.084 हेक्टेयर में से लगभग 0.025 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। अभियान को नगर निगम के प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) श्री रामेश्वर प्रसाद के निर्देशन में अंजाम दिया गया।

इस कार्यवाही में तहसील प्रशासन का भी सक्रिय सहयोग रहा। तहसीलदार श्री अरविन्द पाण्डेय एवं नायब तहसीलदार श्री रत्नेश कुमार द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने नगर निगम के साथ मिलकर अभियान को सफल बनाया। टीम का नेतृत्व नगर निगम के राजस्व निरीक्षक श्री प्रदीप गिरि ने किया।

इसके अतिरिक्त नगर निगम के लेखपाल श्री अनुपम मिश्रा, श्री अरविन्द गौतम एवं श्री विनय पाल, तहसील सदर का स्टाफ तथा थाना दुबग्गा के थानाध्यक्ष द्वारा उपलब्ध कराई गई पुलिस बल की टीम भी मौके पर मौजूद रही, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *