यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
उप संपादक संजय मिश्रा
कोंच आगामी सनातनी पर्वों चैत्र नवरात्र रामनवमी और मुस्लिम त्योहार ईद को लेकर मंगलवार को कोतवाली में आहूत शांति समिति की बैठक में बिगड़ी सीवर व्यवस्था, साफ-सफाई और नगर की सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में आवारा गर्दी करते मवेशियों के मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे। नागरिकों ने यह भी मांग की कि खुले में सड़क किनारे बिक रहे मुर्गा मछली पर प्रभावी रोक लगाई जाए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि नवरात्र पर्व को लेकर सभी प्रमुख देवी मंदिरों पर महिला सिपाहियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, साथ ही कोतवाली पुलिस लगातार भ्रमण पर रह कर कानून और व्यवस्था की स्थिति तथा चेन स्नेचरों पर कड़ी नजर रखेगी। एसडीएम ने बिजली पानी वाले विभागों को कड़ी हिदायत दी कि सुबह चार से सात बजे तक आपूर्ति निर्बाध रहे, इस काम में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम ज्योति सिंह ने कहा कि पर्वों को मिलजुल कर मनाने की कोंच की स्थापित परंपरा को यहां के लोग निश्चित रूप से आगे बढ़ाने में लगे हैं। त्योहार समाज को शांति और सद्भाव का संदेश देते हैं। अगर किसी को किसी भी प्रकार की दिक्कत है तो वह प्रशासन के साथ साझा कर सकता है ताकि समय रहते उसका यथोचित निदान कराया जा सके। उन्होंने नगरपालिका को निर्देश दिए कि नगर में नियमित साफ-सफाई कराएं, सड़कों में जहां जहां गड्ढे हैं उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए, ईदगाह और मस्जिदों पर भी साफ-सफाई और चूना आदि डलवाने की मुकम्मल व्यवस्था करें। सीवर को लेकर उन्होंने कहा, जल संस्थान के जेई से बात करके व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह ने भी नागरिकों का आह्वान किया कि त्योहारों से जुड़ी या इसके इतर भी कोई समस्या हो तो जरूर बताएं। आशुतोष रावत और सुशील दूरवार ने बताया कि रामनवमी की शोभायात्रा 27 मार्च की शाम निकाली जाएगी। काजी बशीर उद्दीन और रामकिशोर पुरोहित ने भी अपनी बात रखी। इस दौरान कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह, अतिरिक्त निरीक्षक, एसएसआई विमलेश कुमार, जेई बिजली अमन पांडे, जेई अमन खान, नगर पालिका से आरआई सुनील कुमार, काजी बशीर उद्दीन, ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष शमशाद खान, मोहम्मद अहमद, राघवेंद्र तिवारी, आशुतोष रावत, गौरव तिवारी, मिरकू महाराज, निखिल सोनी, सौरभ पुरवार, रजनीश, शिशिर ठाकुर, राजेंद्र दुवे, सोनू अग्रवाल, रामू अग्रवाल आदि रहे।