यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
एक के बाद एक वारदातों से व्यापारी दहशत में, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोंच गल्ला मंडी में एक के बाद एक घटित हो रही घटनाओं को लेकर कानून-व्यवस्था सवालों के घेरे में है। पिछले दिनों हुई चोरियों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है और एक बार फिर से बैखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक तरीके से एक गल्ला व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर नकदी लूट ली। लगातार बढ़ती घटनाओं से मंडी के व्यापारियों में गुस्सा और भय का माहौल है।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की देर रात कस्बे के मोहल्ला पटेल नगर निवासी गल्ला व्यापारी प्रेमनारायण राठौर अपना आढ़त का कामकाज निपटाकर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर गेट से पैदल घर लौट रहे थे। तभी स्कूल गेट से रेलवे ट्रैक की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। अचानक एक बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह पूरी तरह असहाय हो गए। इसी बीच दो अन्य बदमाशों ने उनकी जेब से करीब 15 हजार 300 रुपये निकाल लिए और भाग गए। पीड़ित गल्ला व्यापारी ने बताया कि मिर्च पाउडर के कारण उन्हें कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। किसी तरह वह चीखते-पुकारते रेलवे स्टेशन तक पहुंचे, जहां स्टेशन मास्टर की मदद से परिजनों को सूचना दी गई। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए नर्सिंग होम ले गए। बुधवार को पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल में लगी है जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में जबरदस्त नाराजगी है। उनका कहना है कि मंडी जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस तरह की वारदातें पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। व्यापारियों ने जल्द से जल्द घटनाओं के खुलासे और क्षेत्र में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है