यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
कस्बे में जल भराव और नालों का पानी सड़कों पर भरने से खुली पालिका की नाले सफाई की पोल_
कोंच इलाके में मंगलवार की देर शाम आई तेज आंधी के साथ बेमौसम बारिश ने जहां एक ओर किसानों की चिंता बढ़ा दी, वहीं दूसरी ओर नगर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था की पोल भी खोल कर रख दी। चंद मिनटों की बारिश में ही सड़कों पर पानी बहने लगा और नालियां उफना कर गंदगी सड़कों पर बिखेरने लगीं। तहसील के पश्चिमोत्तर इलाके के कई गांवों में ओलावृष्टि की भी खबरें हैं जिससे फसलें प्रभावित हुईं हैं।
आजकल खेती-किसानी का काम जोरों पर है। पिछले कुछ दिनों से मौसम ने जो पलटी मारी है वह किसानों की सेहत खराब करने वाली है। ऐसे में मंगलवार की देर शाम हुई आधे घंटे की मूसलाधार बारिश ने किसानों को रुला दिया है। फसल कटाई के समय आई यह बारिश किसानों के लिए संकट बन कर सामने आई है। क्षेत्र के कई गांवों में ओलावृष्टि की भी खबरें हैं, जिससे गेहूं सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। बताया गया है कि पजौनिया, अखनीबा, सिकरी, भगवंत पुरा, बुढावली, लोई आदि गांवों में करीब चने से बड़े आकार के ओले गिरे हैं जिससे फसलों को नुकसान बताया जा रहा है। इधर, नगर में हर बार की तरह इस बार भी जलनिकासी व्यवस्था फेल नजर आई। हल्की बारिश में ही चंदकुआं चौराहा, रामगंज बाजार और नई बस्ती जैसे प्रमुख इलाकों में नालियां उफना गईं। सड़कों पर गंदा पानी भर जाने से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की नियमित सफाई न होने के कारण हर बारिश में यही हालात बनते हैं। मौसम विभाग पहले ही आगामी दिनों में मौसम खराब रहने की चेतावनी दे चुका था। फिर भी जलभराव से निपटने के इंतजाम नहीं किए गए।