यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
सरोजनीनगर/ लखनऊ।आज सरोजनीनगर, लखनऊ स्थित सैनिक स्कूल मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में एक भव्य पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 5000 से अधिक स्वयंसेवकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। इस अवसर पर सैंकड़ों पार्टी पदाधिकारियों एवं मातृशक्तियों द्वारा स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा भारतीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन तथा समाज जीवन में संगठन, सेवा एवं राष्ट्रनिष्ठा के संस्कारों को निरंतर सुदृढ़ करने का जो कार्य किया जा रहा है, यह पथ संचलन उसका सशक्त और प्रेरणादायक प्रतिबिंब है।
उन्होंने कहा कि अनुशासन, समरसता और “राष्ट्र प्रथम” की भावना से ओत-प्रोत स्वयंसेवकों का यह सुव्यवस्थित संचलन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों की एकजुटता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। यह दृश्य सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम का प्रेरणादायक उदाहरण रहा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि विविधताओं से भरे हमारे राष्ट्र को एकसूत्र में पिरोकर अखंड बनाए रखने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का योगदान अतुलनीय है। संघ के स्वयंसेवक हर परिस्थिति में देश और समाज के लिए समर्पित रहते हैं तथा त्याग और सेवा की भावना से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए विधायक ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा किला मोहम्मदी ड्रेन रिमॉडलिंग परियोजना के लिए 176 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इस परियोजना से आशियाना सहित आसपास के क्षेत्रों की लगभग ढाई लाख की आबादी को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, वृंदावन योजना में 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से एआई सिटी सेंटर परियोजना का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिससे सरोजनीनगर क्षेत्र आने वाले समय में डिजिटल क्रांति का प्रमुख केंद्र बनेगा। क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने हेतु सरकार निरंतर प्रयासरत है, जिसका उदाहरण अशोक लीलैंड की फैक्ट्री है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी एवं स्मार्ट क्लास स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही, बालिकाओं की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु क्षेत्र में महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई है।