वाराणसी कोर्ट में पेशी एक दौरान आया कैदी हथकड़ी तोड़कर फरार

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 प्रदेश जनहित खबर यूपी

सह संपादक कपिल गुप्ता

वाराणसी। जिला न्यायालय में पेशी पर आया एक कैदी हथकड़ी तोड़कर फरार हो गया। कोर्ट के गेट पर एक सिपाही ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसे धक्का देकर गिरा दिया। हालांकि सिपाही ने दौड़कर उसका पीछा किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया। भीड़ का फायदा उठाकर कैदी कहीं छिप गया। इसके बाद वह कहीं नजर ही नहीं आया। घटना की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। CCTV फूटेज खंगाले गये। पूरे जनपद में अलर्ट जारी किया गया है। 15 थानों में चेकिंग और तलाशी अभियान चल रहा है।
प्रकरण के मुताबिक, रामनगर के रहने वाले अम्बरीश कुमार सिंह ने 26 अगस्त को थाने में FIR दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने बड़ागांव के रहने वाले महफूज अहमद (23) पर मोबाइल और सोने की चेन चोरी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया था कि वह अपने रूम में रात में सोये थे, तभी रात 2:30 बजे दो चोर दीवार फांदकर आए और कमरे में से उनका मोबाइल और सोने की चैन समेत कैश लेकर फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद आरोपी महफूज को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सिपाही सुधाकर सिंह उसे पेशी पर लेकर वाराणसी कोर्ट आया था। उसको ACJM कोर्ट में वर्तिका शुभानंद के समक्ष पेश किया जाना था।

पेशी की पुकार होने पर सिपाही सुधाकर सिंह ने कोर्ट के लॉकअप से निकालकर महफूज को कोर्ट नंबर-7 तक पहुंचाया। इस दौरान गमछे के अंदर महफूज अपनी हथकड़ी को निकालने की कोशिश में करता रहा। कोर्ट के गेट पर घुसते ही उसने हथकड़ी खोल ली। सिपाही को अंदर धक्का देते हुए भाग निकला।

वाराणसी जिला एवं सत्र न्यायालय से चोरी के आरोपी के फरार होते ही वाराणसी कमिश्नरेट में अफरा-तफरी मच गई। कंट्रोल रूम की सूचना पर अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। DCP और ADCP समेत कई अधिकारियों ने कोर्ट में निरीक्षण किया। बड़ागांव पुलिस को आरोपी के घर और करीबियों पर निगरानी करने में लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। कोर्ट पहुंचे अधिकारियों ने पेशी पर लाने वाले सिपाही सुधाकर सिंह से भी पूछताछ की। हालांकि, अभी उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *