पंजाब के राज्यपाल बोले- आंख बंद कर ठोका-ठोकी मत करो, बेईमानों को वोट की पेटी में ही खत्म कर दो

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ

सह संपादक कपिल गुप्ता

उदयपुर: पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया इन दिनों मेवाड़ के दौरे पर हैं. बुधवार को उदयपुर के कुराबड़ इलाके में जनजाति बालिका छात्रावास के उद्घाटन समारोह पहुंचे, जहां कटारिया ने लोगों को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि कोई एमपी और एमएलए कितनी भी हेकड़ी दिखाए, लेकिन 5 साल बाद तो नाक रगड़ कर उनको आपके पास ही आना पड़ेगा. उस समय आप दिल और दिमाग से निर्णय करें.
कटारिया ने जनता से कही ये बात : कटारिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वोट डालते समय आंख बंद करके ठोका-ठोकी मत करो. सोच समझ कर वोट करो. बेईमानों को वोट की पेटी में खत्म कर दो, ताकि बेईमानी यहीं खत्म हो जाएगी और आप अच्छे आदमी पैदा करो. पंजाब के राज्यपाल ने आगे कहा कि एमएलए, एमपी और सरपंच भी वोट की पेटी से ही बनते हैं. आप अच्छे आदमी लेकर आओ. इसके लिए इतनी समझ आनी चाहिए. ये खजाना गुलाबचंद कटारिया के काकाजी का नहीं है. खजाना जनता के टैक्स के पैसे का है. जो जयपुर और दिल्ली में बनता है. इसका मालिक जनता ही है.
कटारिया ने कहा- 6 किलोमीटर दूर बनाया छात्रावास, साइकिल दिलाओ : वहीं, इस दौरान राज्यपाल कटारिया ने कहा कि इन बच्चियों के लिए यह छात्रावास बनाया गया है, जो कि 6 किलोमीटर दूर है. बच्चियां से रोज 6 किलोमीटर पैदल आना-जाना नहीं होगा. ऐसे में तुरंत प्रभाव से एमएलए को आदेश दिया कि उन्हें साइकिल दीला दें. कटारिया ने कहा कि देश को मजबूत करना है तो देश के किसानों को मजबूत करो, क्योंकि हर आदमी नौकरी नहीं कर पाएगा. उन्होंने कहा कि परंपरागत खेती के साथ ही अन्य सब्जी और फल को कैसे बढ़ाया जाए, इस पर काम करना होगा, जिससे पैदावार बढ़ाने के साथ ही आमदनी भी बढ़े.इस दौरान कटारिया ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि मैं 1973 से इस कुराबड़ इलाके में आ रहा हूं. तब हम आते थे तो हम पर पत्थर और मिट्टी फेंके जाते थे. इसके बाद भी हम यही कहते थे कि बदलाव लेकर आएंगे. यह बात आज नहीं तो कल समझ में आएगी.
राजनीति में बदलाव लाना आपके हाथ में : कटारिया ने लोगों से कहा कि अगर वास्तव में आप राजनीति में बदलाव लाना चाहते हैं तो वह काम मेरे पास नहीं है. वह काम आपके पास है. वोट डालते समय माथे पर वजन डालकर सोचना चाहिए. उन्होंने कहा कि एमएलए, एमपी आपकी वोट की पेटी से बने हैं. उन्होंने कहा कि यहां अच्छे आदमी पैदा करने का काम करो, बेईमानों को वोट की पेटी में मार दो, ताकि बेईमान खत्म हो जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *