ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
खटीमा: उधम सिंह नगर के चकरपुर पहनिया बाईपास में सोमवार शाम को एक दुखद हादसा सामने आया है. मां पूर्णागिरि के दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे पलट गई. इस दुर्घटना में दो लोगों की जहां मौत हो गई. 6 अन्य लोग घायल हुए हैं. प्राप्त जानकारी अनुसार बाइक को बचाने के चक्कर में बाईपास पर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
पूर्णागिरि से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खाई में गिरी: मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की इको वैन पहेनिया-कुटरी बाईपास में सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर हाईवे से पचास मीटर नीचे खाई में गिर गई. हादसे में 8 लोग घायल हो गए. घायलों में से निजी अस्पताल में भर्ती एक किशोर और एक किशोरी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. किशोरी की हायर सेंटर ले जाते समय मौत हो गई. वहीं एक महिला ने उप जिला चिकित्सालय में दम तोड़ दिया.
बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा: सोमवार को यूपी के कासगंज जिले के नौ लोग मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रहे थे. इसी दौरान पहेनिया-कुटरी बाईपास पर केआईटीएम कॉलेज के पास श्रद्धालुओं की कार संख्या यूपी 87एक्स-0086 के चालक ने सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया. इस दौरान उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया. अनियंत्रित होकर कार हाईवे से पचास मीटर नीचे खाई में जा गिरी.
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू: वाहन के खाई में गिरने से उसमें बैठे श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई. चीख पुकार सुनकर राहगीर व आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल खटीमा मनोहर सिंह दसौनी पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. घायलों को आपातकालीन सेवा 108 के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय में पहुंचाया.
हादसे में 2 लोगों की मौत: हादसे में गुड्डी देवी (61) पत्नी धर्मेंद्र सिंह, नीरज गरिमा (27), अथर्व (9), आदित्य (14), आशी (12), अभि (17), राहुल (30) निवासी सिढ़पुरा कासगंज यूपी व रामेश्वर निवासी बुलंदशहर यूपी घायल हो गए. घायल आशी (12) व अभि (16) को स्थानीय लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया. उपजिला चिकित्सालय में भर्ती गुड्डी देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई. घायल नीरज गरिमा, अथर्व, रामेश्वर को मामूली चोट होने पर उपचार के बाद छुट्टी दे दी. निजी अस्पताल में भर्ती आशी व अभि को चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया. आशी पुत्री बॉबी ने रास्ते में दम तोड़ दिया. अभि का पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है.
हादसे के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम: हादसे में कार चालक सूरज सिंह निवासी ग्राम भैसड़ा कासंगज को कोई चोट नहीं आई. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रख दिया है. श्रद्धालुओं की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहन कब्जे में लेकर पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया गया है. घटना की जांच की जा रही है. मृतकों का आज मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा.