लखनऊ नगर निगम अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर में

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ: आशियाना क्षेत्र स्थित खजाना मार्केट चौराहा पर मंगलवार सुबह नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब नगर निगम जोन-8 की 296 टीम अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए वहां अभियान चला रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम के जोनल अधिकारी श्री अजीत राय के निर्देश पर 296 टीम सुबह 7:30 बजे खजाना मार्केट चौराहा पहुंची थी। टीम जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में जुटी, तभी लगभग 5-6 अज्ञात लोगों ने अचानक टीम और उनकी सरकारी ट्रक (UP41AT4084) पर हमला कर दिया। हमलावरों में दो महिलाएं भी शामिल थीं, जिनके हाथों में डंडे और लोहे की रॉड थीं।

हमले में चालक शिव गोविन्द को बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है, जबकि टीम के अन्य सदस्य अनुज, संजय, दिलीप, धर्मेन्द्र, छंगा, सुशील और टीम इंचार्ज आयुष्कर शर्मा को भी चोटें आई हैं। हमलावरों ने सरकारी वाहन का शीशा तोड़ दिया और वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। यही नहीं, गाड़ी में रखे सरकारी दस्तावेज जैसे लॉग बुक को फाड़ कर उठा ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के दौरान मुख्य सड़क पर भी पथराव किया गया, जिससे राह चलते अन्य लोग भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमला करने वाले अधिकतर लोग वही हैं जो चौराहे पर ठेला लगाते हैं और अतिक्रमण करते हैं। इस हमले से क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

नगर निगम की टीम ने तत्काल आशियाना थाना पुलिस को इस घटना की सूचना दी, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करा दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

घटना के बाद नगर निगम कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नगर निगम लखनऊ स्पष्ट करता है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमले जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *