ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार को कर्पूरी ठाकुर पार्क, विराम खंड-5, गोमती नगर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री आदरणीय श्री सुरेश खन्ना ने लाल चंदन का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस मौके पर माननीय पार्षद श्री अरुण तिवारी, श्री रंजीत सिंह, श्री अरुण राय, पूर्व पार्षद श्री रामकुमार वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि श्री सुनील शंखधर, भाजपा नेता सुनील मिश्रा, प्रदीप सिंह बब्बर उपस्थित रहे।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने पारिजात का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में लखनऊ की माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने भी भाग लिया और पारिजात का पौधा लगाकर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। महापौर ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और वृक्षारोपण इसमें अहम भूमिका निभाता है।
पार्षदगण, नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त ने निभाई सक्रिय भागीदारी
इस आयोजन में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने आम का पौधा लगाया, वहीं अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, श्रीमती नम्रता सिंह ने सिंदूर का पौधा लगाकर अभियान में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में कई माननीय पार्षदगण भी उपस्थित रहे जिन्होंने विभिन्न पौधों का रोपण किया और नागरिकों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
विभिन्न प्रजातियों के 100 पौधे लगाए गए पूरे पार्क परिसर में
उद्यान अधीक्षक श्री शशिकांत शशि ने बताया कि इस वृक्षारोपण अभियान के तहत कुल 100 पौधे पूरे पार्क परिसर में रोपे गए। इन पौधों में आम, सिंदूर बेल, आंवला, चंदन, पीपल, नीम, बॉटल ब्रश, जामुन, कचनार, इमली, पाकड़, बरगद, रुद्राक्ष, पारिजात और बेल के पौधे प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और देखभाल सुनिश्चित करना भी था। इस दौरान नागरिकों से यह भी अपील की गई कि वे इन पौधों को “अपनाएं” और उनकी देखरेख करें ताकि यह वृक्ष भविष्य में छाया, फल और स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें।
माननीय मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षों से न केवल पर्यावरण शुद्ध होता है बल्कि यह हमें ऑक्सीजन, फल-फूल और जीवनदायिनी छांव भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “हरित लखनऊ” का संकल्प लिया और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। यह आयोजन न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम था बल्कि यह नागरिक सहभागिता और जागरूकता का भी सुंदर उदाहरण बना।