यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
भागलपुर: ऑनलाइन गेम किस तरह बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं, इसकी बानगी भागलपुर में दिखी. जिले के पीरपैंती के ईशीपुर बाराहाट में ऑनलाइन गेम की लत ने चौथी कक्षा के दो बच्चों को घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया. सिर्फ 10-11 साल की उम्र के ये बच्चे गेम में मिले ‘टास्क’ को पूरा करने के लिए घर से 100 किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के फरक्का पहुंच गए. हालांकि गनीमत रही कि कोई अनहोनी नहीं हुई और समय रहते दोनों को ढूंढ लिया गया.
28 जून को दोनों लापता: दरअसल ये दोनों बच्चे 28 जून को अचानक लापता हो गए थे. दोनों अपने स्कूल के गेटकीपर को कॉपी लाने का बहाना बनाकर स्कूल से निकल गए और वापस स्कूल नहीं आए. शक होने पर स्कूल प्रशासन ने बच्चों के परिजनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत की.
दोनों बच्चे सकुशल बरामद: परिजनों की शिकायत पर बाराहाट थाना पुलिस हरकत में आई और एफआईआर दर्ज कर दोनों बच्चों की तस्वीरें सोशल मीडिया और रेलवे स्टेशन पर भेज दी. रात करीब 1:30 बजे आरपीएफ ने फरक्का में बच्चों की पहचान की और स्थानीय पुलिस को सूचना दी. आखिरकार बच्चों को आरपीएफ की मदद से रविवार देर रात फरक्का से सकुशल बरामद कर लिया गया.
कैसे पहुंच गए बंगाल?: वहीं, पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों बच्चे ऑनलाइन गेम के एक ‘लीडर’ के निर्देश पर भागलपुर के हनुमान मंदिर के पास किसी से मिलने जा रहे थे लेकिन गलती से मालदा-फरक्का पैसेंजर ट्रेन में चढ़ गए और सीधे फरक्का पहुंच गए. दोनों बच्चे फरक्का पहुंचने के बाद खुद के लिए नए कपड़े लिए और वहीं पर अपने स्कूल यूनिफॉर्म को फेंक दिया. उसके बाद गेम टास्क पूरा करने के लिए भटकते रहे.
क्या बोले एसडीपीओ?: इस बारे में जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता ने बताया कि 28 जून को दोनों बच्चे ऑनलाइन गेम फ्री फायर के टास्क को पूरा करने के लिए स्कूल से निकले और फरक्का पहुंच गए थे. उन्होंने कहा कि ये मामला ऑनलाइन गेम की गंभीरता को दर्शाता है. दोनों बच्चों को सोमवार को परिजनों के हवाले कर दिया गया है. यह घटना समाज के लिए एक बड़ा सबक है. बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखना, अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है.
“दोनों बच्चे स्कूल गेटकीपर को कॉपी लाने के बहाने बनाकर स्कूल से निकल गये और वापस स्कूल नहीं आये. पूछताछ में बच्चे के स्कूल बैग से एक मैप बनाया पेज मिला, जिसके आधार पर बच्चों की बरामदगी हेतु एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की दो टीम बच्चों की तलाश में जुट गयी. एसआई विकास कुमार के नेतृत्व वाली टीम इन बच्चों को मालदा टाउन जीआरपी से प्राप्त कर थाना लेकर आ गए हैं. “- डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता, एसडीपीओ-2, कहलगांव