ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
मुजफ्फरपुर: यूपी के कथावाचक प्रकरण के बाद ‘ब्राह्मण-यादव विवाद’ के बीच आरजेडी की विधान पार्षद उर्मिला ठाकुर ने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिस पर बिहार की राजनीति में बवाल मचना तय है. उन्होंने लालू यादव की तुलना भगवान शिव से करते हुए ‘जिंदा भगवान’ बता दिया है.
आरजेडी नेता को लालू में ‘भगवान’ नजर आया: मुजफ्फरपुर के गायघाट प्रखंड में आयोजित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पहुंचीं डॉ. उर्मिला ठाकुर ने कहा कि एक शिव तो बाबा साहब अंबेडकर थे, जो चले गए लेकिन दूसरा शिव राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव हैं, जो हमारे जैसे गरीबों के लिए जिंदा भगवान हैं. उन्होंने कहा कि इस धरती पर बहुत सारे वीर पैदा हुए लेकिन महावीर की जगह किसी ने नहीं ली. बहुत सारे पुरुष पैदा हुए जो ब्रह्मचर्य का पालन करते हैं लेकिन भीष्म पीतामह की स्थान कोई नहीं ले पाया.
लालू की जगह कोई नहीं ले सकता: उर्मिला ठाकुर ने आगे कहा कि बहुत सारे राजनीतिक पैदा हुए लेकिन कृष्ण का स्थान किसी ने नहीं लिया. बहुत सारे मर्यादा वाले पुरुष पैदा हुए लेकिन मर्यादा पुरुषोत्तम राम का स्थान कोई नहीं ले पाया. बहुत सारे निर्गुण के उपासक पैदा हुए लेकिन कबीर का स्थान कोई नहीं ले पाया, उसी तरह बहुत सारे एमपी-एमएलए, मंत्री, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल सब पैदा ले लिया लेकिन बाबू लालू प्रसाद का स्थान न कोई लिया है और न कोई लेना वाला है.
‘जिंदा भगवान हैं लालू यादव’: आरजेडी विधान पार्षद ने कहा कि लालू यादव गरीबों के सिर्फ नेता ही नहीं हैं, भगवान भी हैं. उन्होंने कहा कि भगवान शिव के बाद बाबा साहब अंबेडकर भी हमारे लिए भगवान थे, जो दुनिया से चले गए लेकिन उसके बाद लालू यादव ही दूसरा जिंदा भगवान हैं. अपना उदाहरण देते हुए उर्मिला ठाकुर ने कहा कि एक नाई की बेटी को आरजेडी अध्यक्ष ने विधान परिषद तक पहुंचाया, इसलिए वह हमारे जैसे गरीबों के लिए ईश्वर से कम नहीं हैं.
“बहुत सारे एमपी-एमएलए, मंत्री, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल सब पैदा ले लिया लेकिन बाबू लालू प्रसाद का स्थान न कोई लिया है और न कोई लेना वाला है. इसलिए आप जानिये कि हम लोगों का गरीब-गुरबा का सही में अगर शिव है तो शिव के बाद दूसरा शिव, एक तो थे जो हमारे अंबेडकर साहब, वो जो चले गए. शिव के बाद अगर कोई जिंदा भगवान है, आशीर्वाद देने वाले भगवान हैं तो वह है लालू प्रसाद यादव”- उर्मिला ठाकुर, विधान पार्षद, राष्ट्रीय जनता दल
कौन हैं उर्मिला ठाकुर?: डॉ. उर्मिला ठाकुर राष्ट्रीय जनता दल की नेता हैं और बिहार विधान परिषद की सदस्य हैं. 57 वर्षीय उर्मिला नाई समाज से आती हैं. उनके पिता बाल और दाढ़ी काटने का काम करते थे. बेगूसराय जिले के गढ़पुरा की रहने वाली उर्मिला ठाकुर को लालू परिवार का बेहद करीबी माना जाता है. वह अक्सर लालू की तारीफ करती हैं और कहती हैं कि लालू नहीं होते तो वह आज राजनीति में नहीं होतीं.