यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
विशेष संवाददाता जैसलर मेल
जैसलमेर: जिले के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र के 14 आरडी पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव को पानी की डिग्गी में फेंक दिया गया. मृतक की पहचान भजन लाल के रूप में हुई है, जो वारदात के समय चारपाई पर सो रहा था.
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना पर मोहनगढ़ थाना पुलिस तथा नाचना वृताधिकारी गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव को पानी की डिग्गी से बाहर निकाल कर मोहनगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. वहीं परिजनों के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाकर परिजनों को सौंपा गया.
मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार हत्या से दो दिन पहले आरोपी मृतक से मिलने आया था. दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी. शराब पीने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद आरोपी ने भजन लाल पर धारदार हथियार से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी.
इसको लेकर नाचना पुलिस वृताधिकारी गजेन्द्रसिंह ने बताया कि इस संबंध में मृतक के चचेरे भाई भिखाराम ने मोहनगढ़ थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है. उसने सुनील नाम के युवक को हत्या का आरोपी बताया है. पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एक युवक को बाड़मेर जिले से दस्तयाब किया है, जिसे मोहनगढ़ थाने लाकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा अन्य तथ्यों की पुष्टि करने में जुटी है. पुलिस संदिग्ध युवक से गहन पूछताछ कर रही है.