ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
शहर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर निगम लखनऊ ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को विभिन्न जोनों में एक साथ अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। यह अभियान माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के निर्देश एवं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य मुख्य सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम यातायात की सुविधा देना है।
*जोन 1 – अमीनाबाद नजीराबाद रोड पर कार्रवाई*
जोन 1 में जोनल अधिकारी श्री ओ.पी. सिंह के नेतृत्व में अमीनाबाद के नजीराबाद रोड पर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क पर अस्थायी रूप से ठेला, गुमटी, और फुटपाथ पर सामान फैलाकर व्यवसाय करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए। जिन दुकानदारों ने सड़क तक दुकानें बढ़ा रखी थीं, उनके सामान को जब्त कर कार्रवाई की गई। मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हुआ।
इस अभियान में कर अधीक्षक श्री विनय मौर्या, राजस्व निरीक्षक श्री संजय सिंह, श्री राजा भैया, श्री राजेश पांडेय, श्री राजेंद्र कुमार और प्रवर्तन विभाग की टीम (296) मौजूद रही।
*जोन 3 – बंधा रोड पर सख्ती*
जोन 3 के जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव के नेतृत्व में थाना अलीगंज पुलिस बल की उपस्थिति में बंधा रोड (किरन गैस एजेंसी से पक्का पुल तक) दोनों पटरियों से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान 45 फल के ठेले, 6 मीट की दुकानें, 20 पान मसाले की गुमटियां हटाई गईं। साथ ही 1 फल का ठेला, 1 लोहे की बेंच, 1 स्टूल, 1 प्रचार बोर्ड (फ्रेम सहित), 1 लकड़ी का तख्त और 16 अमूल दूध की कैरेट को जब्त किया गया।
*जोन 7 – लेखराज मेट्रो से खुर्रम नगर तक*
नगर आयुक्त के आदेश के अनुपालन में जोनल अधिकारी जोन 7 के नेतृत्व में लेखराज मेट्रो स्टेशन से नीलगिरी चौराहा और खुर्रम नगर टाटा मोटर्स के आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया। इस कार्रवाई में 1 ठेला, 2 ड्रम जब्त किए गए जबकि 4 ठेले, 2 ठेलियां, 1 गुमटी, 3 लोहे के काउंटर हटाए गए। व्यापारियों को पुनः अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
यह कार्रवाई कर अधीक्षक श्री राम अचल, ई टी एफ टीम और 296 टीम की उपस्थिति में संपन्न की गई।