ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
कोंच सरकारी कामकाज की बात ही निराली है, अब किसानों को जरूरत है डीएपी खाद की लेकिन खाद केंद्रों पर डीएपी के बजाए यूरिया भरी पड़ी है। सोमवार को एसडीएम के खाद केंद्रों के निरीक्षण में सामने आई।
किसानों को समय पर सुगमता से खाद उपलब्ध कराए जाने को लेकर शासन स्तर से जारी दिशा निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम ज्योति सिंह ने सोमवार को कोंच नगर में खुले तीन खाद केंद्रों का निरीक्षण किया जहां यूरिया की उपलब्धता तो मिली लेकिन डीएपी खाद की एक भी बोरी नहीं नजर आई। उन्होंने पीसीएफ केंद्र देखा जहां यूरिया खाद मिली लेकिन डीएपी नहीं है, कमोवेश यही स्थिति जुझारपुरा सहकारी समिति एवं सहकारी क्रय विक्रय समिति पर पाई गई। एसडीएम ने बताया, किसानों द्वारा डीएपी खाद की मांग की जा रही है जिसको दृष्टिगत रखते हुए केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि डीएपी की उपलब्धता बना कर रखें। एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि शीघ्र ही जिला स्तर पर डिमांड पत्र भेजें ताकि समय रहते किसानों के बीच वितरण के लिए डीएपी खाद केंद्रों पर उपलब्ध हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद लेने के लिए आने वाले किसानों को परेशान न किया जाए और उन्हें यूरिया व डीएपी खाद तत्काल दी जाए। खाद वितरण कार्य में लापरवाही की शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही एसडीएम ने एआर कोऑपरेटिव को यूरिया एवं डीएपी की आपूर्ति कोंच के सभी खाद केंद्रों में बनाए रखने के लिए पत्रचार किए जाने की बात कही।