गोबर नालियों में बहाने और आई जी आर एस शिकायतों के आधार पर हटाई गईं अवैध डेरियां सोलह पशु किए गए जब्त

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित कर रही अवैध डेरियों के विरुद्ध लखनऊ नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए आज ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश और अपर नगर आयुक्त के आदेश पर यह कार्रवाई पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में की गई।

जोन-6 के दुबग्गा रिंग रोड, शिवाजीपुरम, राजाजीपुरम एवं आलमनगर रोड क्षेत्र में स्थित कई अवैध डेरी संचालकों के विरुद्ध यह सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान मौके से कुल 13 भैंसें और 3 गाय जब्त की गईं, जिन्हें नगर निगम द्वारा पी.जी.आई. स्थित कांजी हाउस में निरुद्ध किया गया है। पशुओं को संबंधित नियमों के तहत जुर्माना जमा करने के बाद ही छोड़ा जाएगा।

यह कार्रवाई नागरिकों द्वारा IGRS पोर्टल एवं अन्य माध्यमों से की गई लगातार शिकायतों के आधार पर की गई थी, जिनमें डेरी संचालकों पर गोबर को खुले प्लॉटों में फेंकने और नालियों में बहाने के आरोप लगाए गए थे। इससे क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं, साथ ही मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था।

नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम अधिनियम 1959 के अनुसार शहरी क्षेत्रों में भैंस पालन प्रतिबंधित है, क्योंकि भैंस को अपदूषण कारक पशु की श्रेणी में रखा गया है। केवल अधिकतम 2 गायों के पालन की अनुमति, वह भी वैध लाइसेंस के साथ, नगर निगम सीमा में दी जाती है।

अभियान के सफल संचालन में नगर निगम के प्रवर्तन दल, पुलिस बल और पशु कल्याण विभाग की प्रमुख भूमिका रही। डॉ. अभिनव वर्मा के साथ श्री शिवेक, रामकुमार, नदीम, अभिनव, मनोज और श्री फुरकान ने अभियान को समन्वित रूप से संपन्न किया।

नगर निगम लखनऊ ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। निगम ने यह भी दोहराया कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और रोगमुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे अवैध डेरियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर और नियमित अभियान जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *