पंचर की दुकान खोलो, डिग्री से कुछ होने वाला नहीं…’ कॉलेज में पहुंचे बीजेपी विधायक, छात्रों से क्यों कही ये बात?

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 लखनऊ रायबरेली

उप संपादक संजय मिश्रा

गुना. मध्य प्रदेश के जिला गुना के विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि ये कॉलेज की डिग्री से कुछ होने वाला नहीं है. मोटरसाइकिल की पंचर की दुकान खोल लेना, जिससे कम से कम अपना जीवन यापन चलता रहे. यह बात गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने रविवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के उद्घाटन समारोह के दौरान कही. विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि “मैं जो बात कहूंगा वो साइंस के फॉर्मूले से और गणित के फॉर्मूले से कहूंगा तो समझ लेना.

उन्होंने आगे कहा कि “सबसे पहले उस पंचतत्व को बचाने की पूरी कोशिश करो जिससे हम सब का शरीर बना है- जल, वायु, अग्नि, आकाश, पृथ्वी. आज पर्यावरण को लेकर पूरे हिंदुस्तान में चिंता है. पानी को लेकर पूरे हिंदुस्तान में चिंता है. प्रदूषण जो फैला है, उससे भी सब लोग चिंतित हैं, पर इनमें से कोई निकल ही नहीं रहा उसका कोई श्रेष्ठ फॉर्मूला लेकर, न कोई आगे काम करने के लिए तैयार है. पेड़ लगाओ, हजारों पेड़ लग रहे हैं. आज पेड़ लगा दिया तो आप उसका पालन पोषण कब तक करने वाले हैं. पेड़ लगा दिया, रस्म अदा हो गई. कम से कम आदमी की ऊंचाई तक तो बढ़ाओ, तब पर्यावरण बचेगा.

अवैध रूप से नदी, नाले सब पर कब्जा हो गया है. सरकारी जमीन पर कब्जा हो गया है. चरनोई की जमीन पर कब्जा हो गया है. इतने भुखमरे हो गए हम? इस स्तर पर हमने पर्यावरण दूषित कर दिया है.” विधायक ने कहा कि “इस महाविद्यालय को जो प्रधानमंत्री श्रेष्ठ महाविद्यालय का हम शुभारंभ कर रहे हैं. मेरा आप सब से निवेदन है कि केवल एक बोध वाक्य पकड़ लेना. ये कॉलेज की डिग्री से कुछ होने वाला नहीं है. मोटरसाइकिल की पंचर की दुकान खोल लेना, जिससे कम से कम अपना जीवन यापन चलता रहे.

कॉलेज की डिग्री लेने के बाद, पेड़ लगाने का व्रत रखते हो तो हजारों पेड़ खुद लगाओ और खुद उनको सिंचित करो. हम यहां से पढ़ के निकल रहे हैं, पेड़ तो लगा दिया हमने, पानी डालने वाला कोई नहीं है उसमें, तो कैसे बढ़ेगा वो. मेरा आपसे निवेदन है, जरा लौट कर आओ भारतीय दर्शन की तरफ. हमारा सब का कल्याण हो जायेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *