लखनऊ नगर आयुक्त के निर्देश पर दो जोनों में औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था में मिली खामियाँ, जोन 5 और 1 की एजेंसी पर जुर्माना

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर गुरुवार को नगर निगम प्रशासन ने शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए दो अलग-अलग जोनों—जोन 5 और जोन 1—में औचक निरीक्षण किया। अपर नगर आयुक्तों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, रोड स्वीपिंग, नाली सफाई और कचरा प्रबंधन की वास्तविक स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान दोनों जोनों में कई खामियाँ सामने आईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई और निर्देश जारी किए गए।

*जोन 5 में कई अनियमितताएँ, सफाई एजेंसी पर ₹15,000 का जुर्माना*

जोन 5 में अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव ने ओम नगर वार्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड में सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब पाई गई।

निरीक्षण में पाया गया कि—

– डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नियमित नहीं हो रहा था।
– रोड स्वीपिंग का कार्य अधूरा था।
– नालियों की सफाई ठीक से नहीं की गई थी।
– वार्ड के खाली प्लॉटों में गंदगी जमा मिली।
– कूड़ा उठान के लिए उपलब्ध गाड़ियाँ संख्या में कम थीं।
– कचरा प्रबंधन का कार्य करने वाली लॉयन एनवायरो कंपनी के कर्मचारी वर्दी में नहीं मिले।

इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव ने कार्यदाई संस्था लॉयन एनवायरो पर ₹15,000 का जुर्माना लगाया और सफाई कार्य में तुरंत सुधार लाने के निर्देश दिए।

*जोन 1—खामियाँ उजागर, लखनऊ स्वच्छता अभियान संस्था पर ₹10,000 का जुर्माना*

सुबह 9 बजे, अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार ने जोन 1 के राजा राम मोहन राय मॉडल वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जोनल सेनेटरी अधिकारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री संजीव कुमार, लखनऊ स्वच्छता अभियान प्रा.लि. के श्री भास्कर राव, जोनल इंचार्ज श्री हिमांशु शुक्ला और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान निम्न स्थितियाँ सामने आईं—

– मुख्य मार्गों पर स्थित जीवीपी पॉइंट पर कूड़ा एकत्र पाया गया।
– कई निवासी खुले में कचरा फेंकते मिले, जिन्हें IEC टीम ने जागरूक किया।
– लगभग 6002 परिवारों की आबादी वाले वार्ड में डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए केवल 09 वाहन उपलब्ध पाए गए। अधिकारियों ने समान संख्या में और वाहनों की जरूरत जताई।
– रोड स्वीपिंग से निकलने वाला कचरा बिन्स में डाला जा रहा था, जबकि बिन-फ्री सिटी लक्ष्य के तहत यह व्यवस्था सही नहीं मानी जाती।
– 62 अपार्टमेंट्स में से केवल 50% में ही डोर-टू-डोर कचरा उठान हो रहा था।
– मुख्य मार्गों पर कई स्थानों पर कूड़ा जमा मिला, सुपरवाइजर ने संसाधनों की कमी बताई।

इन कमियों को देखते हुए अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार ने जोन 1 में कार्य कर रही लखनऊ स्वच्छता अभियान संस्था पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया। साथ ही आदेश दिया कि—

– डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए वाहन तत्काल बढ़ाए जाएँ,
– रोड स्वीपिंग का कचरा सीधे मिनी ट्रांसफर स्टेशन तक पहुँचाने की व्यवस्था की जाए,
– अपार्टमेंट्स से कचरा उठान को 100% किया जाए,
– सभी डेटा का दैनिक डिजिटल अपडेट सुनिश्चित किया जाए।

*नगर निगम ने दी सख्त चेतावनी*

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों जोनों में मिली कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए हैं, और आने वाले दिनों में अन्य जोनों का भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *