कानपुर में बाथरूम में मिली नेशनल बॉक्सर की लाश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 लखनऊ रायबरेली

जिला संवाददाता अंकित शुक्ला उन्नाव

अमेरिका से पुलिस के पास आई कॉल; दरवाजा तोड़कर निकाली लाश

कानपुर में सोमवार को नेशनल बॉक्सर का शव घर के बाथरूम में पड़ा मिला। पुलिस के पास अमेरिका से कॉल आई। तब वह घर तक पहुंची और बाथरूम दरवाजा तोड़ा, तो लाश पड़ी मिली।
पड़ोसी ने बताया- दो दिन से वो बाहर नहीं निकल रहे थे। किसी ने देखा ही नहीं। घरवाले भी उन्हें कई बार फोन कर रहे थे, लेकिन उन्होंने कोई रिस्पॉन्स नहीं दिया। इस पर उनकी पत्नी, जो अमेरिका में बेटे के पास रहती है, ने पुलिस को कॉल किया। इसके बाद मामले का पता चला। घटना चकेरी थाना क्षेत्र की है।

गिरने या हार्ट अटैक से मौत की आशंका

कृष्णापुरम चकेरी में रहने वाले सुबोध गुप्ता (68) बॉक्सिंग के नेशनल प्लेयर थे। उनका बड़ा बेटा उत्कर्ष सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। इस समय वह अमेरिका में जॉब करता है। छोटा बेटा अरिहंत भी सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वो बेंगलुरु में जॉब करता है।
सुबोध गुप्ता पत्नी संगीता के साथ घर में ही रहते थे। 25 दिन पहले संगीता बेटे के पास अमेरिका चली गई थी। इसके बाद से घर पर सुबोध गुप्ता अकेले ही थे। संगीता ने बताया- दो दिन से पति की कोई कॉल रिसीव नहीं हो रही थी। संदेह होने पर मैंने चकेरी पुलिस और परिवार के लोगों को जानकारी दी।
चकेरी पुलिस फोर्स सोमवार दोपहर सुबोध गुप्ता के घर पर पहुंची। काफी खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इस पर पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई। अंदर बाथरूम में सुबोध का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। आशंका है कि सुबोध की बाथरूम में गिरने या फिर हार्ट अटैक से मौत हुई है, क्योंकि घर चारों तरफ से बंद था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *