ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कुल ₹69,100 का जुर्माना वसूला
लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर, अतिक्रमण-मुक्त और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ समस्त जोनों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को नगर निगम की विभिन्न टीमों ने शहर के अलग-अलग जोनों में सघन निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की।
*जोन-1: 2.5 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त, ₹15,500 का जुर्माना*
जोन-1 में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग और गंदगी फैलाने के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री कुलदीपक सिंह ने किया। अभियान के दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुनील कुमार वर्मा द्वारा हुसैनगंज क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। जांच में अजय खसता की दुकान पर 2.5 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन पाए जाने पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं नालियों में और आसपास गंदगी पाए जाने पर ₹5,000 का अतिरिक्त अर्थदंड लगाया गया। इसके साथ ही एक अन्य दुकान पर गंदगी फैलाने के आरोप में ₹500 का जुर्माना किया गया।
*जोन-2: टेम्पो स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई, ₹9,500 का शमन शुल्क वसूला*
जोन-2 में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री रामसकल यादव के नेतृत्व में कुँवर ज्योति प्रसाद वार्ड अंतर्गत टैम्पो स्टैंड के आसपास अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा, श्री देवेंद्र कुमार वर्मा तथा 296 की टीम शामिल रही। अभियान के दौरान 15 दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर 1 चालान कर ₹2,000 तथा अतिक्रमण एवं गंदगी के मामलों में 4 चालान कर ₹7,500 का शमन शुल्क वसूला गया।
*जोन-5: कानपुर रोड व आनंद नगर बाजार में संयुक्त अभियान, ₹13,000 का चालान*
जोन-5 में आलमबाग चौराहे से अवध चौराहे तक कानपुर रोड एवं आनंद नगर बाजार में नगर निगम और ईटीएफ टीम द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया। इस दौरान गंदगी फैलाने के मामलों में ₹5,000 तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर ₹8,000 का चालान किया गया। अभियान का नेतृत्व जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन प्रकाश सक्सेना ने किया, जबकि सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी भी मौजूद रहे।
जोन-7: भूतनाथ मार्केट में रात्रि अभियान, 4 दुकानदारों पर ₹22,000 का जुर्माना
जोन-7 में भूतनाथ मार्केट में सोमवार रात अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर सिंह के नेतृत्व में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री रूपेंद्र भास्कर द्वारा 4 दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए कुल ₹22,000 का चालान किया गया। अभियान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
*जोन-8: 61 दुकानों का निरीक्षण, 12 चालान और ₹9,100 का जुर्माना*
जोन-8 में नगर आयुक्त के निर्देश तथा जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री जितेंद्र गांधी के नेतृत्व में सेक्टर-एल, पिकेडिली रोड, बालीपुर और सेक्टर-एन मार्ग सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 61 दुकानों, ठेलों और हाथगाड़ियों का निरीक्षण किया गया। गंदगी फैलाने के मामलों में 7 चालान कर ₹4,100 तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर 5 चालान कर ₹5,000 का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल ₹9,100 का अर्थदंड लगाया गया और लगभग 500 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया। अभियान में मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री मनोज कुमार, श्री वीरेंद्र सिंह, श्री भगवंत राय तथा श्रीमती सीमा राय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बताया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे गंदगी न फैलाएं, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें और स्वच्छ एवं पर्यावरण-सुरक्षित लखनऊ के निर्माण में अपना सक्रिय सहयोग दें।