प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली
संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शनिवार, 10 जनवरी 2026 को सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के अभियान के तहत नगर निगम लखनऊ ने सरोजनी नगर तहसील क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव द्वारा गठित टीम ने नगर निगम और तहसील प्रशासन के संयुक्त सहयोग से ग्राम अमौसी, हरिहरपुर और बिरूरा में अवैध कब्जों को हटाया।
यह कार्रवाई सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (संपत्ति) श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम लखनऊ श्री अरविन्द कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। मौके पर नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से अस्थाई रूप से किए गए अवैध निर्माण, प्लॉटिंग और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
ग्राम हरिहरपुर, तहसील सरोजनी नगर में खसरा संख्या 440 और 433 की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। इस दौरान कुल 0.3557 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 9 करोड़ 24 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के समय नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल सहित संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
इसी क्रम में ग्राम अमौसी में खसरा संख्या 430 और 358 की ग्राम समाज व नवीन परती दर्ज कुल 1.061 हेक्टेयर भूमि को अवैध प्लॉटिंग और बाउंड्रीवाल से मुक्त कराया गया। इस भूमि की बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ 78 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान थाना सरोजनी नगर का पुलिस बल भी तैनात रहा।
वहीं ग्राम बिरूरा में तालाब दर्ज खसरा संख्या 346 की 0.190 हेक्टेयर भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया। इस भूमि की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये है। यहां भी पुलिस बल की सहायता से कार्रवाई को शांतिपूर्वक पूरा किया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, आज की संयुक्त कार्रवाई में तीनों गांवों से कुल 1.5967 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया, जिसकी कुल बाजार कीमत लगभग 15 करोड़ 3 लाख 33 हजार 500 रुपये है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सरकारी भूमि को सुरक्षित रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।