अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम लखनऊ का सघन अभियान, यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को व्यापक स्तर पर सघन एवं बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।

इस क्रम में जोन-05 क्षेत्र में विशेष अभियान संचालित किया गया। एयरपोर्ट नादरगंज चौराहे से जोन-05 पटरी दरोगा खेड़ा तक तथा सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए अस्थायी अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान ठेला, ठेलिया, खुमचा, गुमटी और काउंटर जैसे अवैध ढांचों को हटाया गया। इस कार्रवाई में कुल 05 ठेले, 03 गुमटी और 02 काउंटर हटाए गए।

नगर निगम की टीम ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान के अंतर्गत गंदगी फैलाने और पॉलीथीन के प्रयोग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹8000 का शमन शुल्क भी वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह अभियान जोनल अधिकारी जोन-05 श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उनके साथ कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) तथा पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी रही। संयुक्त टीम ने अभियान को शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से अंजाम दिया।

वहीं जोन-03 क्षेत्र में भी अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देशानुसार प्रवर्तन दल (296) एवं मंडियांव पुलिस बल के सहयोग से विध्यांचल मंदिर से काकोरी तक कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 25 फल व सब्जी के ठेले, 07 गुमटियां और 07 फास्ट फूड के ठेले हटाए गए। साथ ही 02 लोहे की गुमटियां जब्त की गईं तथा ₹5100 का जुर्माना वसूला गया।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें, सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *