यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
सहारनपुर नगर निगम द्वारा तिब्बती मार्केट हटाने के निर्देश जारी किए जाने के बाद आज वरिष्ठ पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे और नगर आयुक्त से मुलाकात कर 25 मार्च तक का समय देने का निवेदन किया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में कल एमएलसी शाहनवाज से सभी बिंदुओं पर बातचीत हो चुकी है। वार्ता के बाद व्यापारियों को 62 फूटा रोड पर स्थान उपलब्ध कराने का निर्णय लिया जा चुका है, जिसमें अब किसी भी प्रकार का बदलाव संभव नहीं है।
वरिष्ठ पार्षद टिंकू अरोड़ा ने नगर आयुक्त से बार-बार आग्रह करते हुए कहा कि ईद का त्योहार नजदीक है और अधिकांश व्यापारियों ने उधार पर माल लिया हुआ है। यदि उन्हें 25 मार्च तक का समय दे दिया जाए और उनसे लिखित में यह आश्वासन ले लिया जाए कि इसके बाद वे स्वयं अपने ठिए हटा लेंगे, तो उनकी आर्थिक परेशानी कुछ हद तक कम हो सकती है।
उन्होंने कहा कि तिब्बती मार्केट के अधिकांश व्यापारी गरीब वर्ग से आते हैं और अचानक रोजगार समाप्त होने से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 62 फूटा रोड पर व्यापार बिल्कुल भी नहीं चल पाएगा, इस तथ्य पर प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इसके बावजूद नगर आयुक्त ने कुछ जनप्रतिनिधियों की बातों को प्राथमिकता देते हुए समय देने से साफ इनकार कर दिया। इस पर पार्षद टिंकू अरोड़ा ने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधि भाजपा की कठपुतली बनकर व्यापारियों की सहमति के बिना मनमाने फैसले ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार रोजगार देने के बजाय लोगों से रोजगार छीनने का काम कर रही है।
पार्षद टिंकू अरोड़ा ने तिब्बती मार्केट हटाने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कुछ लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं कि व्यापारियों को समय दे दिया गया है, जबकि हकीकत यह है कि सभी गरीब व्यापारियों के ठिए हटा दिए गए हैं। इससे व्यापारी वर्ग में भारी निराशा और हताशा है और अचानक रोजगार समाप्त होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।