यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
छपरा में सरिता हत्याकांड के सनसनीखेज मामले में नया मोड़ आ गया है. इस घटना से जुड़े मुजफ्फरपुर के थानेदार संतोष कुमार रजक को सस्पेंड कर दिया गया है. मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने सोमवार को यह बड़ा एक्शन लेते हुए दारोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की. रजक पानापुर करियत थाने में एसआई के पद पर तैनात थे.
यह मामला छपरा के एक सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़ा है. जहां पीड़िता सरिता की लाश दारोगा संतोष रजक के स्कॉर्पियो वाहन से फेंकी गई थी. जांच एजेंसियों ने पाया कि आरोपी सत्येंद्र ने इसी स्कॉर्पियो का इस्तेमाल कर लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश की. सरिता हत्याकांड ने पूरे बिहार में सनसनी पैदा कर दिया था. पीड़िता की निर्मम हत्या के बाद लाश को छिपाने का प्रयास विफल रहा और पुलिस ने सबूत जुटा लिए.
25 जनवरी को ही दारोगा संतोष रजक की गिरफ्तारी हुई थी. पूछताछ में उनके स्कॉर्पियो से जुड़े सबूत सामने आए. जिसके आधार पर मामला तेजी से आगे बढ़ा. मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने विभागीय जांच के बाद तत्काल सस्पेंशन का आदेश जारी किया. एसएसपी ने कहा कि आरोपी दारोगा ने पुलिस की छवि धूमिल की है. विभाग शून्य सहनशीलता की नीति पर चलता है. आगे की कार्रवाई जारी रहेगी.