लखनऊ में अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम का सघन अभियान, कई जोनों में कार्रवाई

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और यातायात अवरोध की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को एक सघन और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम के विभिन्न जोनों में एक साथ की गई। अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

नगर निगम द्वारा चलाए गए इस अभियान में जोन-2, जोन-3 और जोन-6 के अंतर्गत कई क्षेत्रों में अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण हटाए गए, साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान और जब्ती की कार्रवाई भी की गई।

जोन-2 के अंतर्गत वार्ड चन्द्रभानु गुप्त मोती नगर क्षेत्र स्थित दूध मंडी रोड पर सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान 12 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्लास्टिक के प्रयोग और अतिक्रमण व गंदगी पाए जाने पर दो अलग-अलग मामलों में चालान किया गया। प्लास्टिक के प्रयोग पर 5,000 रुपये तथा अतिक्रमण व गंदगी के मामले में भी 5,000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी।

इसी क्रम में जोन-3 के अंतर्गत कृष्णलोक कॉलोनी शुक्ला चौराहा के पास तथा अलीगंज चर्च रोड पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई एक गुमटी को जब्त किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अस्थायी ढांचा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जोन-6 में भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। मोहान रोड नहर से आगरा एक्सप्रेसवे तक अवैध रूप से किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के दौरान 15 ठेले, 4 काउंटर, 15 झुग्गी-झोपड़ी और 30 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। इसके अतिरिक्त एक ठेला, एक लोहे की बेंच, तीन काउंटर, चार कुर्सियां और पांच स्टूल सहित अन्य सामान जब्त किया गया। अतिक्रमणकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी गई कि दोबारा उक्त स्थल पर अतिक्रमण न किया जाए। इस अभियान के दौरान नगर निगम की 296 टीम, ईटीएफ टीम तथा क्षेत्रीय पुलिस बल की मौजूदगी रही, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *