गांधी नगर कोंच में जल योजना ने बढ़ाई परेशानी, जेसीबी से खोदकर फेंक दीं सड़कें

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

सह संपादक कपिल गुप्ता

कोंच हर घर जल योजना का काला सच हर रोज निकल कर सामने आ रहा है जिसने नागरिकों की मुसीबत बढ़ा रखी है। नगर में हर घर जल योजना के तहत चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य में जेसीबी मशीन से हो रही खुदाई ने नगर की सड़कों की हालत बद से बदतर कर दी है। वार्ड नंबर 1 गांधी नगर के सभासद ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी कोंच को कुछ दिन पहले पत्र देकर कार्यदायी संस्था की लापरवाही की लिखित शिकायत की थी जिसमें बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से हाल ही में बनाई गई सड़कों को खोदकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
इलाकाई लोगों माता प्रसाद, उदय सिंह, ठाकुरदास, राधेश्याम, पवन, विक्रम, मंगल सिंह, करन सिंह, श्लोक, गोविंद आदि ने बताया कि गांधी नगर में लगभग 700 मीटर लंबी सड़क उखड़ चुकी है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दोपहिया वाहन फिसलने और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सभासद महेंद्र सिंह के अनुसार करीब 115 करोड़ की लागत से हर घर जल योजना संचालित की जा रही है, लेकिन लापरवाही का आलम यह है कि दो से तीन माह पहले बनी नई सड़कें भी गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि संस्था चाहती तो अंडरग्राउंड मशीनों या मजदूरों के माध्यम से सड़कों के किनारे खुदाई कर पाइपलाइन डाल सकती थी, लेकिन इसके बजाए पूरे मार्ग को भारी मशीनों से तोड़ दिया गया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बनाई गई कुछ सड़कों का भुगतान और निरीक्षण अभी तक नहीं हुआ है, इसके बावजूद उन्हें खोद दिया गया। उन्होंने इस बात पर भी आश्चर्य व्यक्त किया कि जहां पहले से तीन पाइपलाइनें मौजूद हैं, वहां चौथी लाइन डाले जाने का औचित्य समझ से परे है। जबकि जरूरतमंद क्षेत्रों की अनदेखी की जा रही है। सभासद ने उपजिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *