यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शुक्रवार, 06 फरवरी 2026 को नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगर निगम की टीमों ने कुल ₹34,400 का जुर्माना वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराया। कार्रवाई का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखना रहा।
*जोन 3 में ₹24,900 के काटे गए चालान*
जोन-03 के अंतर्गत जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री मनोज यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में मुख्य मार्ग गोल मार्केट चौराहा से करामत मार्केट तक पॉलीथीन रोकथाम एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कुल 13 चालान किए गए, जिनके माध्यम से ₹16,900 की धनराशि वसूल की गई। वहीं प्रतिबंधित पॉलीथीन पाए जाने के मामलों में 8 चालान करते हुए ₹8,000 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार जोन-03 में कुल 21 चालानों के माध्यम से ₹24,900 की वसूली की गई।
इस अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार गौतम, श्री सुमित मिश्रा, श्री पुष्कर सिंह पटेल, श्रीमती अंकाक्षा गोस्वामी सहित 296 प्रवर्तन दल के कार्मिक और क्षेत्रीय सुपरवाइजरों की संयुक्त टीम उपस्थित रही। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों एवं राहगीरों को स्वच्छता बनाए रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए जागरूक भी किया गया।
*जोन 7 में ₹9,500 के काटे गए चालान*
इसी क्रम में जोन-07 के अंतर्गत नगर आयुक्त के निर्देशानुसार जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री अजीत कुमार राय के नेतृत्व में आर्यन चौराहा, कुर्सी रोड, मामा चौराहा एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रतिबंधित पॉलीथीन और गंदगी के विरुद्ध अभियान संचालित किया गया। इस दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री रूपेन्द्र भास्कर एवं श्री बृजेश प्रजापति भी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान गुड मीट शॉप, लक्की मिष्ठान, अभिषेक डेरी, मारवाड़ी जनरल स्टोर और स्पाइसी बाइट सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक पाए जाने पर कार्रवाई की गई। मौके से कुल 1.1 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन जब्त की गई। प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग पर ₹7,000 तथा गंदगी फैलाने पर ₹2,500 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार जोन-07 में कुल ₹9,500 की वसूली की गई।